
Chamoli Tunnel Collapse: उत्तराखंड के चमोली जिले के मायापुर (पीपलकोटी) में निर्माणाधीन टीएचडीसी सुरंग में हुए हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सुरंग के अंदर फंसे अन्य श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य बचाव एजेंसियां युद्धस्तर पर जुटी हुई हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खराब मौसम के बीच घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया।
खराब मौसम के बीच घटनास्थल पहुंचे CM धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बेहद खराब मौसम के बावजूद चमोली के मायापुर स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग भी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कराई गई। मौके पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों से बचाव अभियान की जानकारी ली।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरंग के अंदर फंसे सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जाए। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन की प्रगति की समीक्षा की और अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
टनल में 20 से ज्यादा मजदूर थे मौजूद
जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त सुरंग के अंदर 20 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। सुरंग की कुल लंबाई करीब 3 किलोमीटर बताई जा रही है, जिसमें लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के बाद मलबा और पानी भर गया है।
हादसे के बाद कई मजदूरों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया है। घायल मजदूरों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर पहुंचाया गया है। मुख्यमंत्री धामी अस्पताल जाकर रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से भी मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे।
7 मजदूरों की मौत, कई को निकालने की कोशिश जारी
सुरंग हादसे में अब तक 7 मजदूरों की मौत हो चुकी है। वहीं, कुछ अन्य श्रमिकों के सुरंग के अंदर फंसे होने की जानकारी है। मलबे और पानी के कारण रेस्क्यू टीमों के सामने मुश्किलें बनी हुई हैं। इसके बावजूद बचाव दल लगातार अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने में जुटे हैं।
देर रात भी CM ने संभाली थी कमान
हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देर रात राज्य आपदा परिचालन केंद्र पहुंचकर राहत और बचाव अभियान की समीक्षा की थी। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने झारखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से भी फोन पर बातचीत की। उन्होंने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सुरंग में फंसे उनके राज्यों के श्रमिकों की स्थिति की जानकारी दी।
Tata Group : Tata Sons का अगला चेयरमैन कौन? Noel Tata से TV Narendran तक, रेस में ये बड़े नाम
सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
चमोली टनल हादसे से जुड़ी जानकारी के लिए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC), देहरादून की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। राहत-बचाव अभियान, रेस्क्यू किए गए मजदूरों और लापता लोगों से जुड़ी जानकारी के लिए लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबर:
1070
0135-2710334
82188 67005
रेस्क्यू अभियान के बीच प्रशासन और बचाव एजेंसियों की प्राथमिकता सुरंग में फंसे सभी श्रमिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना है। खराब मौसम के बावजूद अभियान लगातार जारी है।



