
Pratapgarh News: कटरा गुलाब सिंह, प्रतापगढ़। प्रसिद्ध पांडवकालीन भयहरणनाथ धाम में प्रबंध संस्था भयहरणनाथ धाम क्षेत्रीय विकास संस्थान की प्रबंध समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सावन मेला की समीक्षा तथा धाम की नियमित गतिविधियों व विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रबंध समिति सदस्यों ने नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए 2 नग 20 मीटर हाई मास्ट लाइट व 2 नग 16 मीटर हाई मास्ट लाइट के स्थान का चयन किया और कार्यों को गति प्रदान करते हुए विकास में निस्वार्थ भागीदारी का आह्वान किया।
सर्वप्रथम धाम के महासचिव समाज शेखर ने सभी का स्वागत करते हुए सावन मेला की आख्या प्रस्तुत की। फिरोज गाँधी महाविद्यालय रायबरेली के प्राचार्य उदय भान सिंह ने सपत्नीक प्रतिभाग कर भोले नाथ का विधिवत पूजन किया, सामाजिक, सार्वजनिक व विकास कार्यो में निष्पक्ष भूमिका निभाने का सभी सदस्यों से आवाहन किया। वहीं शिव महापुराण कथा के स्थगित होने के प्रकरण की जांच आख्या विधि परामर्शी रमा शंकर मिश्र ने प्रस्तुत की। सर्वसम्मति से तय हुआ कि उक्त आख्या और सुझाव से जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराकर समुचित कार्रवाई की अपेक्षा की जाए।
अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रबंध समिति सदस्यों के सहयोग से चल रहे प्रशासनिक कार्यालय के मरम्मत कार्य को अति शीघ्र पूर्ण कराए जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही धाम की सार्वजनिक अतिक्रमित भूमि को धाम व समाज हेतु जनोपयोगी बनाए जाने हेतु मुख्यमंत्री से मिलने के लिए प्रत्यावेदन भेजकर समय लेना तय किया गया।
धाम पर नगर पंचायत द्वारा शुरू हो रहे कार्यों की निगरानी व सहयोग हेतु प्रबंध समिति सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई और नगर पंचायत से अपेक्षा की गई कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुव्यवस्थित रूप से सभी कार्य पूर्ण कराए जाएं। बैठक के बाद महासचिव समाज शेखर ने नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक कुमार मुन्ना यादव के साथ अध्यक्ष आवास पर प्रमुख पदाधिकारियों के विकास कार्यो व गुणवत्ता पर चर्चा किया।
सर्वसम्मति से यह भी तय हुआ कि धाम की प्रबंध संस्था का सदस्यता अभियान चलाकर स्थानीय और क्षेत्रीय समाज के सनातन धर्मावलंबियों को धाम के विकास में सक्रिय सहभागिता कराई जाए। यह अभियान गांव-गांव में “सबके लिए खुला है मंदिर, यह हमारा ध्येय” के साथ चलाया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष राज कुमार शुक्ल, उपाध्यक्ष वित्त राजीव नयन मिश्र, कोषाध्यक्ष लाल जी सिंह, सह कोषाध्यक्ष कमलेश वैश्य, सचिव संगठन राज किशोर मिश्र, प्रबंध समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अशोक अग्रहरि, मेला समिति से बुद्धि प्रकाश द्विवेदी, कार्यालय प्रभारी नीरज मिश्र व स्वच्छता नायक राज कुमार गौतम उपस्थित रहे।
रिपोर्ट उमेश पाण्डेय जिला संवाद दाता यूनाईटेड भारत



