Entertainment News: गांव की पगडंडियों से मायानगरी तक, अभिनय से बनाई अलग पहचान; अब OTT पर दिखेगा अजय मिश्रा का नया अंदाज

लखीमपुर खीरी के रामपुर-डाटपुर गांव से निकलकर टीवी, फिल्मों और अब हंगामा ऐप की नई वेब सीरीज तक पहुंचे अभिनेता अजय मिश्रा, संघर्ष और मेहनत से लिखी सफलता की नई कहानी।

Entertainment News: मंजिल उन्हीं को मिलती है, जिनके सपनों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है।” यह पंक्तियां लखीमपुर खीरी के गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र स्थित रामपुर-डाटपुर गांव के अभिनेता अजय मिश्रा पर बिल्कुल सटीक बैठती हैं। साधारण परिवार से निकलकर अपनी प्रतिभा, संघर्ष और कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने भारतीय टेलीविजन, फिल्मों और अब ओटीटी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी नई वेब सीरीज जल्द ही हंगामा ऐप पर रिलीज होने जा रही है, जिसमें वह लोकप्रिय अभिनेत्री खुशी दुबे के पति की महत्वपूर्ण भूमिका निभाते नजर आएंगे। यह उपलब्धि न सिर्फ उनके लिए, बल्कि पूरे लखीमपुर खीरी जिले के लिए गर्व का विषय है।

24 अगस्त, 1986 को जन्मे अजय मिश्रा का अभिनय के प्रति लगाव बचपन से ही था। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों से कभी समझौता नहीं किया। अभिनय को पेशा बनाने के उद्देश्य से उन्होंने लखनऊ की प्रतिष्ठित भारतेंदु नाट्य अकादमी (बीएनए) से अभिनय का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद कोलकाता के सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान में फिल्म अध्ययन का पाठ्यक्रम कर अपने अभिनय कौशल को और निखारा। वर्षों की मेहनत, संघर्ष और धैर्य ने उन्हें उस मुकाम तक पहुंचाया, जहां आज वह देश के चर्चित कलाकारों में गिने जाते हैं।

अजय मिश्रा को सबसे बड़ी पहचान वर्ष 2013 में स्टार प्लस के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘महाभारत’ से मिली। इस सीरियल में उन्होंने संजय का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद उन्होंने ‘सूर्यपुत्र कर्ण’, ‘बाल कृष्ण’ में नंद बाबा और ‘राम सिया के लव कुश’ में विभीषण जैसे पौराणिक पात्रों को जीवंत कर अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया। हर किरदार में उनकी गंभीरता और सहज अभिनय ने उन्हें दर्शकों का चहेता कलाकार बना दिया।

छोटे पर्दे के साथ-साथ उन्होंने बड़े पर्दे पर भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई। वर्ष 2020 में रिलीज फिल्म ‘यहां सभी ज्ञानी हैं’ में उन्होंने राघव की भूमिका निभाई, जबकि वर्ष 2024 की ऐतिहासिक फिल्म ‘धर्म रक्षक महावीर छत्रपति संभाजी महाराज’ में काकर खान का किरदार निभाकर खूब सराहना बटोरी।

अब अजय मिश्रा अपने करियर की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ दर्शकों के बीच आने को तैयार हैं। उनकी नई वेब सीरीज जल्द ही हंगामा ऐप पर रिलीज होगी, जिसमें वह अभिनेत्री खुशी दुबे के पति की अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उनका यह नया किरदार उनके अभिनय के एक नए आयाम को दर्शकों के सामने प्रस्तुत करेगा।

Entertainment News: शानदार एडवांस बुकिंग के दम पर ‘अल्फा’ की बड़ी शुरुआत, क्या आलिया भट्ट तोड़ेंगी ‘गंगूबाई’ का रिकॉर्ड?

अजय मिश्रा अपनी हर सफलता का श्रेय अपने परिवार, मित्रों और गुरुजनों को देते हैं। उनके पिता राधेश्याम मिश्रा, माता रमा मिश्रा, भाई विजय मिश्रा और योगेश शुक्ला ने हर कठिन समय में उनका हौसला बढ़ाया। उनकी पत्नी ज्योति मिश्रा और बेटे विराट मिश्रा उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत हैं, जिनके सहयोग और विश्वास ने उन्हें हर चुनौती से लड़ने की प्रेरणा दी।

आज अजय मिश्रा उन युवाओं के लिए मिसाल बन चुके हैं, जो छोटे गांवों से निकलकर बड़े सपने देखते हैं। उनकी सफलता यह साबित करती है कि अगर इरादे मजबूत हों और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो कोई भी मंजिल असंभव नहीं होती।

Show More

Related Articles

Back to top button