Sheikh Hasina: हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर ढाका का रुख सख्त, भारत के खिलाफ ICJ जाने की बात

Sheikh Hasina: पाकिस्तान दौरे पर पहुंचे संसद अध्यक्ष हफीज उद्दीन अहमद ने कहा- भारत ने पूर्व प्रधानमंत्री को नहीं सौंपा तो अंतरराष्ट्रीय न्यायालय का रुख करेगा ढाका

Sheikh Hasina: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक चर्चा का विषय बना हुआ है। अब इस मामले में बांग्लादेश की संसद के अध्यक्ष हफीज उद्दीन अहमद ने भारत को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि यदि भारत शेख हसीना को बांग्लादेश प्रत्यर्पित नहीं करता है तो ढाका अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (ICJ) का रुख कर सकता है। अहमद ने पाकिस्तान की छह दिवसीय यात्रा के दौरान इस्लामाबाद में पत्रकारों से बातचीत में यह बात कही।

बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट के अनुसार, अहमद ने कहा कि यदि शेख हसीना बांग्लादेश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बांग्लादेश राजनयिक माध्यमों से उनके प्रत्यर्पण की कोशिश कर रहा है। भारत ने प्रत्यर्पण से जुड़े अनुरोध मिलने की पुष्टि की है, हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम फैसला सार्वजनिक नहीं किया गया है। भारत की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत की जा रही है।

हसीना की वापसी के दावे पर भी उठाए सवाल

बांग्लादेश के संसद अध्यक्ष ने शेख हसीना के 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की घोषणा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि वापसी की बात उनके समर्थकों का मनोबल बनाए रखने के लिए कही जा रही है। अहमद के मुताबिक, हसीना अगले 10 वर्षों तक बांग्लादेश नहीं लौटेंगी।

दरअसल, शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने हाल ही में कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं। उन्होंने सरकार से उनकी यात्रा के लिए राष्ट्रीय विमानन कंपनी की उड़ान की व्यवस्था करने की मांग भी की है। 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर जीत की याद में देशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

बांग्लादेश में मौत की सजा का सामना कर रहीं हसीना

शेख हसीना को अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता छोड़कर बांग्लादेश से जाना पड़ा था। इसके बाद से वह भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश में 2024 के आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर हुई घातक कार्रवाई से जुड़े मामले में एक विशेष न्यायाधिकरण ने उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई है। हसीना ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है और मुकदमे की वैधता पर भी सवाल उठाए हैं।

1971 के युद्ध में भारत की भूमिका पर भी टिप्पणी

पाकिस्तान यात्रा के दौरान अहमद ने 1971 के मुक्ति संग्राम में भारत की भूमिका को लेकर भी विवादित टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ने बंगालियों की मदद करने के बजाय पाकिस्तान को कमजोर करने में भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी दावा किया कि शेख हसीना के 15 साल के शासन के दौरान बांग्लादेश की स्थिति ऐसी हो गई थी, जैसे वह किसी पड़ोसी देश का उपनिवेश बन गया हो। हालांकि, इस टिप्पणी में उन्होंने सीधे तौर पर भारत का नाम नहीं लिया।

अहमद पूर्व सैन्य अधिकारी हैं और 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान पाकिस्तान के खिलाफ संघर्ष में शामिल रहे थे। पाकिस्तान में दिए गए उनके इन बयानों के बाद भारत-बांग्लादेश संबंधों और दोनों देशों के ऐतिहासिक संदर्भों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

कश्मीर मुद्दे पर भी दिया बयान

बांग्लादेशी संसद अध्यक्ष ने बातचीत के दौरान कश्मीर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इस विवाद का समाधान संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुरूप किया जाना चाहिए। उनकी पाकिस्तान यात्रा को दोनों देशों के बीच संसदीय संपर्क बढ़ाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है। इस दौरान शेख हसीना के प्रत्यर्पण, 1971 के युद्ध और क्षेत्रीय मुद्दों पर दिए गए उनके बयानों ने कूटनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button