DMK BJP: परिसीमन पर भाजपा से बातचीत में कनिमोझी की भूमिका, सांसदों की बैठक पर नजर

DMK BJP: तमिलनाडु के प्रतिनिधित्व की सुरक्षा को लेकर दो प्रमुख मांगों पर केंद्र से मिले आश्वासन के बाद बदला सियासी माहौल

DMK BJP:  परिसीमन के मुद्दे पर अब तक केंद्र सरकार के प्रस्तावों का विरोध करती रही द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) के रुख में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। तमिलनाडु के संसदीय प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने से जुड़ी अपनी दो प्रमुख मांगों को प्रस्तावित विधेयक में जगह मिलने के बाद पार्टी इसके समर्थन पर विचार कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और डीएमके के बीच पर्दे के पीछे हुई बातचीत की अहम भूमिका बताई जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इस संवाद में डीएमके की संसदीय दल की नेता कनिमोझी राजाथी करुणानिधि ने प्रमुख भूमिका निभाई।

दोनों दलों के बीच बातचीत का सिलसिला एक साल से भी अधिक समय से चल रहा था। बताया जाता है कि भाजपा ने अप्रैल में परिसीमन विधेयक पेश किए जाने से पहले ही डीएमके नेतृत्व से संपर्क साधा था। उस समय डीएमके ने प्रस्ताव का विरोध किया था। अब केंद्र की ओर से नई व्यवस्था में पार्टी की मांगों को शामिल किए जाने के संकेतों के बाद राजनीतिक समीकरण बदलते दिखाई दे रहे हैं।

डीएमके के लोकसभा में 22 और राज्यसभा में आठ सांसद हैं। 28 नवंबर को पार्टी अध्यक्ष एमके स्टालिन की अध्यक्षता में दोनों सदनों के सांसदों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में प्रस्तावित विधेयक के प्रावधानों पर चर्चा कर पार्टी के अगले कदम को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

तमिलनाडु के हितों को लेकर रखी गईं दो शर्तें

डीएमके की पहली प्रमुख मांग है कि लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ने पर भी तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। पार्टी का तर्क है कि जनसंख्या नियंत्रण और परिवार नियोजन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को परिसीमन के दौरान राजनीतिक प्रतिनिधित्व के मामले में नुकसान नहीं उठाना चाहिए।

दूसरी मांग 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की है। डीएमके को आशंका रही है कि 2027 की जनगणना के आधार पर सीटों का पुनर्वितरण होने पर तमिलनाडु जैसे राज्यों की संसद में हिस्सेदारी घट सकती है।

फिलहाल लोकसभा में तमिलनाडु की 39 सीटें हैं और सदन में राज्य की हिस्सेदारी 7.18 प्रतिशत है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि सीटों की कुल संख्या बढ़ाने की स्थिति में भी राज्य का यह अनुपात सुरक्षित रहे। सामने आए नए मसौदे में सभी राज्यों में सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने और राज्यों के बीच मौजूदा प्रतिनिधित्व अनुपात को 25 साल तक स्थिर रखने का प्रावधान बताया गया है।

कनिमोझी ने संभाली बातचीत की जिम्मेदारी

भाजपा और डीएमके के बीच संवाद को आगे बढ़ाने में कनिमोझी की भूमिका को अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने भाजपा के साथ बातचीत में डीएमके की चिंताओं और मांगों को रखा। यह संपर्क 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले भी जारी था।

डीएमके के एक वरिष्ठ नेता के हवाले से बताया गया है कि पार्टी के विरोध के कारण ही केंद्र को प्रस्ताव में राज्यों के हितों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों पर विचार करना पड़ा। पार्टी का मानना है कि पहले विधेयक का विरोध करके उसने अपनी मांगों को मजबूती से सामने रखा और अब नए प्रस्ताव में उन चिंताओं को जगह मिलती दिखाई दे रही है।

भाजपा की ओर से बातचीत के दौरान यह तर्क भी दिया गया था कि यदि परिसीमन से जुड़ा विधेयक पारित नहीं होता है तो नई जनगणना की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद अगले वर्ष संबंधित संवैधानिक प्रावधान प्रभावी हो सकते हैं। ऐसे में सीटों के निर्धारण को लेकर राज्यों के बीच नई स्थिति पैदा हो सकती है।

अप्रैल में स्टालिन ने विधेयक को बताया था ‘काला कानून’

परिसीमन के मुद्दे पर डीएमके का विरोध पहले काफी मुखर रहा है। अप्रैल में जब केंद्र सरकार ने विधेयक पेश करने की कोशिश की थी, तब एमके स्टालिन ने इसकी प्रति जलाकर इसे ‘काला कानून’ बताया था। उन्होंने मार्च 2025 में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक दलों के नेताओं की बैठक बुलाकर निष्पक्ष परिसीमन की मांग पर व्यापक सहमति बनाने का प्रयास भी किया था।

उस बैठक में राज्यों के प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने की मांग वाला प्रस्ताव पारित किया गया था। डीएमके का कहना है कि उसके लगातार विरोध और राजनीतिक दबाव के कारण ही केंद्र को नए प्रस्ताव में राज्यों की चिंताओं पर ध्यान देना पड़ा है।

INDIA गठबंधन के पूर्व सहयोगियों की नजर भी फैसले पर

परिसीमन विधेयक पर डीएमके का संभावित समर्थन विपक्षी राजनीति में भी चर्चा का विषय बन गया है। पार्टी के इस रुख से कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के साथ उसके संबंधों पर असर पड़ सकता है। डीएमके पहले ही अपने कुछ सहयोगियों के टीवीके के साथ जाने और INDIA गठबंधन से दूरी बनने जैसी राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर चुकी है।

पार्टी के एक नेता का कहना है कि तमिलनाडु के हितों से जुड़े मुद्दे पर केवल कांग्रेस की राजनीतिक चिंता के कारण फैसला नहीं लिया जा सकता। डीएमके का तर्क है कि यदि उसने पहले विधेयक का विरोध नहीं किया होता तो केंद्र से इन सुरक्षा प्रावधानों पर सहमति बनवाना मुश्किल होता।

गौरतलब है कि अगस्त में डीएमके ने तमिलनाडु विधानसभा में पारित उस प्रस्ताव का समर्थन किया था, जिसमें केंद्र सरकार से लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बरकरार रखने की मांग की गई थी।

स्टालिन बोले- तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं

इस बीच एमके स्टालिन ने 27 नवंबर को सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी पार्टी का रुख दोहराते हुए कहा कि तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी किसी भी स्थिति में कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखने की मांग भी दोहराई।

स्टालिन ने कहा कि डीएमके इन दोनों मांगों पर कायम है और तमिलनाडु के हितों से समझौता नहीं करेगी। ऐसे में अब सबकी नजर 28 नवंबर को होने वाली पार्टी सांसदों की बैठक पर है, जहां प्रस्तावित विधेयक के प्रावधानों की समीक्षा के बाद डीएमके अपना औपचारिक रुख स्पष्ट कर सकती है।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button