
Sonbhadra News-जनपद में स्थापित वाहन फिटनेस सेंटर के संचालक पर फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर वाहन स्वामियों से मनमानी एवं अतिरिक्त धनराशि वसूलने का आरोप लगाते हुए भारतीय जन कल्याण सेवा संस्थान के उपाध्यक्ष ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर जांच कर कार्रवाई की मांग किया है।
संस्थान के उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार मिश्रा उर्फ बबलू मिश्रा ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में कहा है कि सोनभद्र ट्रक ओनर्स एसोसिएशन से संगठन को गंभीर शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में कहा गया है कि जनपद में स्थापित शुल्क के अतिरिक्त मनमानी एवं अत्यधिक धनराशि की मांग की जा रही है। इस वजह से वाहन स्वामियों को आर्थिक रूप से परेशानी हो रही है। पत्र में आरोप है कि वाहन स्वामियों को अपनी गाड़ी की फिटनेस कराने के लिए निर्धारित शुल्क से कहीं अधिक धनराशि खर्च करनी पड़ रही है, जिससे वाहन स्वामियों में भारी असंतोष और आक्रोश व्याप्त है।
पत्र में कहा गया है कि वाहन स्वामी पहले से ही डीजल, पेट्रोल, बीमा, टैक्स, मरम्मत एवं अन्य खर्चों के बोझ से परेशान हैं। ऐसी स्थिति में फिटनेस सेंटर द्वारा अतिरिक्त धनराशि की मांग करना वाहन स्वामियों के साथ आर्थिक शोषण के समान है।
संस्था ने इस मामले में 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। मांगों में जनपद में संचालित फिटनेस सेंटर की कार्यप्रणाली एवं जांच शुल्क वसूली की गई वसूली की निष्पक्ष जांच, फिटनेस के लिए निर्धारित सरकारी शुल्क की सूची सेंटर परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराना, निर्धारित शुल्क से अधिक किसी भी प्रकार की धनराशि की वसूली पर तत्काल रोक लगाना, मनमानी धनराशि वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित सेंटरों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई, फिटनेस प्रक्रिया को पारदर्शी व वाहन स्वामियों के लिए सुविधाजनक बनाना, प्रत्येक वाहन स्वामी को जमा की गई धनराशि की विधिवत रसीद उपलब्ध कराना, परिवहन विभाग में लगे समस्त सीसीटीवी की सत्यता पूर्ण जांच कराना, परिवहन विभाग कार्यालय के समीप कार्यालय में दिन में कई बार आने जाने वाले दलालों की संलिप्तता की सत्यता पूर्ण जांच कराना तथा परिवहन विभाग के कर्मचारियों के मोबाइल नंबर पर दिन में कई बार लगातार वार्ता करने वाले दलालों की संलिप्तता की सत्यता पूर्ण जांच कराना शामिल है। संस्था ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वाहन स्वामियों की इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र उचित कार्रवाई की जाए, जिससे वाहन स्वामियों को अनावश्यक आर्थिक शोषण से राहत मिल सके।
Read Also-International News: भारतीय सॉफ्ट पावर का डंकाः वेनिस बिएनाले में मिला बेस्ट नेशनल पैवेलियन अवॉर्ड



