
US Tariff Proposal: अमेरिका की ओर से चीन समेत कई प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर 20 फीसदी तक टैरिफ लगाने के प्रस्ताव ने दोनों देशों के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ा दिया है। चीन ने इस योजना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए वाशिंगटन से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने और कथित गलत नीतियों को वापस लेने की मांग की है। बीजिंग ने चेतावनी दी है कि यदि जरूरत पड़ी तो वह अपने आर्थिक और व्यापारिक हितों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने का अधिकार रखता है।
चीन के वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता हे यादोंग ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका की ओर से की जा रही जांच एकतरफा कार्रवाई है और चीन इसका दृढ़ता से विरोध करता है। उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से अपील की कि वह अपनी गलत व्यापारिक प्रथाओं में सुधार करे। उनके मुताबिक, दोनों देशों के बीच मौजूद मतभेदों को बातचीत और आपसी परामर्श के माध्यम से सुलझाया जाना चाहिए।
कई देशों पर 20 फीसदी तक शुल्क लगाने की तैयारी
दरअसल, अमेरिका ने चीन, यूरोपीय संघ और जापान सहित कई व्यापारिक साझेदारों पर 20 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव सामने रखा है। इस योजना में चीन पर भी अधिकतम 20 फीसदी शुल्क लगाने की बात कही गई है। इससे दोनों देशों के बीच पहले से जारी व्यापारिक विवाद के और गहराने की आशंका है।
हालांकि, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीयर ने कहा है कि प्रस्तावित शुल्क चीन के साथ चल रही व्यापार वार्ताओं के दायरे में हैं। ऐसे में टैरिफ से जुड़ा यह प्रस्ताव दोनों देशों के बीच बातचीत और भविष्य के व्यापारिक समझौते को भी प्रभावित कर सकता है।
ओवरकैपेसिटी के आरोप को चीन ने किया खारिज
अमेरिका की जांच में चीन की अतिरिक्त उत्पादन क्षमता यानी ओवरकैपेसिटी को भी आधार बनाया गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए चीनी वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता हे यादोंग ने कहा कि अतिरिक्त उत्पादन क्षमता का मुद्दा उठाकर शुल्क लगाने की कोशिश संरक्षणवादी नीतियों को बढ़ावा देने का बहाना है।
चीन का कहना है कि इस तरह की एकतरफा कार्रवाई से व्यापारिक मतभेद दूर होने के बजाय बढ़ सकते हैं। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि वह अमेरिका की ओर से उठाए जा रहे कदमों पर लगातार नजर रखेगा।
बातचीत से समाधान निकालने पर चीन का जोर
चीन ने अमेरिका से अपील की है कि वह टैरिफ जैसे एकतरफा कदमों के बजाय बातचीत और आपसी सहमति का रास्ता अपनाए। बीजिंग के मुताबिक, व्यापारिक विवादों का समाधान संवाद के जरिए निकाला जाना चाहिए। साथ ही चीन ने अपने हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का विकल्प भी खुला रखा है।
अमेरिकी प्रस्ताव पर चीन की सख्त प्रतिक्रिया के बाद अब दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ता पर नजर रहेगी। यह देखना अहम होगा कि अमेरिका प्रस्तावित शुल्क को लेकर आगे क्या निर्णय लेता है और इसका द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों पर कितना असर पड़ता है।
written by Siddhi Srivastava



