
NTA UGC NET: यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है। इसके जरिए उम्मीदवार यह जान सकते हैं कि उनकी परीक्षा किस शहर में आयोजित की जाएगी। पहले यह स्लिप 23 नवंबर को जारी होने वाली थी, लेकिन अब इसे आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है।
दिसंबर सत्र की यूजीसी नेट परीक्षा के लिए कुल 9,75,505 उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। ये अभ्यर्थी देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 87 विषयों की परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा 14, 15, 16, 17, 18 और 21 दिसंबर 2026 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में आयोजित की जाएगी। यूजीसी नेट के माध्यम से जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए पात्रता और पीएचडी में प्रवेश की योग्यता निर्धारित की जाती है।
इस तरह डाउनलोड करें एग्जाम सिटी स्लिप
उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी परीक्षा सिटी स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें आवेदन संख्या और पासवर्ड की जरूरत होगी।
सिटी स्लिप डाउनलोड करने के लिए ये चरण अपनाएं:
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाएं।
- होम पेज पर दिए गए कैंडिडेट एक्टिविटी सेक्शन को खोलें।
- यहां यूजीसी नेट दिसंबर 2026 एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप के लिंक पर क्लिक करें।
- अब अपना एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करके लॉगिन करें।
- स्क्रीन पर परीक्षा शहर से संबंधित जानकारी दिखाई देगी।
- स्लिप डाउनलोड कर लें और भविष्य के लिए उसका प्रिंट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रखें।
7 दिसंबर को आ सकता है एडमिट कार्ड
एनटीए के सूचना बुलेटिन के मुताबिक, यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के एडमिट कार्ड 7 दिसंबर को ऑनलाइन जारी किए जा सकते हैं। हालांकि, परीक्षा शहर की जानकारी देने वाली सिटी स्लिप को एडमिट कार्ड नहीं समझना चाहिए। इसमें केवल उस शहर की जानकारी दी जाती है जहां उम्मीदवार का परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया है।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को अलग से जारी होने वाला एडमिट कार्ड डाउनलोड करके साथ ले जाना अनिवार्य होगा। परीक्षा केंद्र का पूरा पता और अन्य जरूरी निर्देश एडमिट कार्ड में दिए जाएंगे।
तीन घंटे की होगी परीक्षा
यूजीसी नेट दिसंबर 2026 की परीक्षा कुल तीन घंटे की होगी। इसमें पेपर-1 और पेपर-2 के बीच कोई ब्रेक नहीं दिया जाएगा। दोनों पेपर में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। भाषा विषय के प्रश्नपत्र को छोड़कर परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी माध्यम में उपलब्ध होगी।
पेपर-1 में 50 प्रश्न होंगे, जिनके कुल अंक 100 निर्धारित हैं। वहीं पेपर-2 में 100 प्रश्न पूछे जाएंगे और इसके कुल अंक 200 होंगे। इस तरह पूरी परीक्षा में 150 प्रश्न होंगे और अधिकतम 300 अंक निर्धारित हैं।
गलत जवाब पर नहीं कटेंगे अंक
यूजीसी नेट परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक दिए जाएंगे। गलत जवाब देने पर कोई निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। जिन प्रश्नों का उत्तर उम्मीदवार देंगे, उन्हीं का मूल्यांकन किया जाएगा। किसी प्रश्न को रिव्यू के लिए मार्क किया गया है या नहीं, इससे उसके मूल्यांकन पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। बिना उत्तर दिए छोड़े गए प्रश्नों के लिए अंक नहीं मिलेंगे।
एनटीए के सूचना बुलेटिन के अनुसार, प्रश्नपत्र में प्रत्येक सवाल का एक ही विशिष्ट सही उत्तर रखने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, यदि किसी प्रश्न के एक से अधिक विकल्प सही पाए जाते हैं तो उन विकल्पों में से किसी एक को चुनने वाले अभ्यर्थियों को पूरे दो अंक दिए जाएंगे। इसी तरह यदि किसी प्रश्न के सभी विकल्प सही पाए जाते हैं या प्रश्न गलत घोषित किया जाता है, तो उस प्रश्न का उत्तर देने वाले उम्मीदवारों को भी दो अंक मिलेंगे।
written by Siddhi Srrivastava



