
UP Politics:उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीटों के बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस नेता इमरान मसूद के एक बयान ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। सपा की ओर से कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटें देने के प्रस्ताव की चर्चा पर इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं।
इमरान मसूद ने इस प्रस्ताव को लेकर कहा, “मुझे तो पता नहीं कब दे रही है, आपको पता होगा। मैं तो किसी से भीख नहीं मांग रहा हूं।” उनके इस बयान के बाद सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत चर्चा में आ गई है।
राजीव राय बोले- एक-एक सीट पर होगी चर्चा
वहीं, समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने सीटों के बंटवारे को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के नेता सीटों की संख्या तय करने के बजाय हर विधानसभा सीट पर अलग-अलग चर्चा करेंगे।
राजीव राय के मुताबिक, यह कोई सामान खरीदने जैसा मामला नहीं है कि किसी चीज की कीमत तय करके मोलभाव कर लिया जाए। दोनों पार्टियां चाहती हैं कि सीटों का फैसला सोच-समझकर हो, जिससे 2027 के चुनाव में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने का लक्ष्य पूरा किया जा सके।
403 सीटों पर फैसला करना आसान नहीं
राजीव राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों को लेकर बातचीत में समय लगना स्वाभाविक है। इसके लिए दोनों दलों ने पहले से तैयारी की होगी और एक-दूसरे के साथ जरूरी जानकारियां भी साझा की होंगी।
उन्होंने बताया कि दोनों पार्टियों के बीच औपचारिक बैठक हो चुकी है और अब सीट-दर-सीट चर्चा की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि गठबंधन में सीटों को लेकर बातचीत करना सामान्य प्रक्रिया है।
2027 के चुनाव पर टिकी निगाहें
उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सपा और कांग्रेस के बीच तालमेल को काफी अहम माना जा रहा है। दोनों दलों के सामने मजबूत गठबंधन बनाने की चुनौती है। ऐसे में सीटों के बंटवारे पर नेताओं के बयान आने वाले दिनों में यूपी की राजनीति को और गर्मा सकते हैं।



