
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत जारी है। इसी बीच सूत्रों के हवाले से खबर है कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को 26 विधानसभा सीटें देने का प्रस्ताव रखा है। इन सीटों में वे क्षेत्र शामिल बताए जा रहे हैं, जहां कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी या दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा 20 अन्य सीटें भी कांग्रेस के लिए प्रस्तावित की गई हैं।
सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत ऐसे समय हो रही है, जब कांग्रेस की ओर से करीब 130 विधानसभा क्षेत्रों की सूची सपा को सौंपी गई है। सूत्रों के मुताबिक, सपा ने इस सूची पर विचार करने के बाद कांग्रेस के सामने 26 सीटों का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, अभी तक दोनों दलों की ओर से सीटों के बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
छह सीटों पर कांग्रेस का पुराना प्रदर्शन बना आधार
सूत्रों के अनुसार, सपा की ओर से प्रस्तावित 26 सीटों में छह ऐसी विधानसभा सीटें हैं, जहां कांग्रेस का पिछला चुनावी प्रदर्शन रहा है। इनमें दो सीटें रामपुर खास और फरेंदा शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। वहीं, मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर ऐसी सीटें हैं, जहां कांग्रेस प्रत्याशी पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे।
इन छह सीटों के अलावा सपा ने 20 अन्य विधानसभा क्षेत्रों को भी प्रस्ताव में शामिल किया है। इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश, ब्रज, अवध, पूर्वांचल और बुंदेलखंड के अलग-अलग क्षेत्र शामिल हैं।
इन 20 सीटों पर भी कांग्रेस को प्रस्ताव
सूत्रों के मुताबिक, सपा की ओर से कांग्रेस के लिए प्रस्तावित अन्य 20 सीटों में बागपत, मोदीनगर, हापुड़, जेवर, स्याना, खुर्जा, खैर, इगलास, मांट, आगरा उत्तर, फतेहपुर सीकरी, बिलग्राम-मल्लावां, गोविंद नगर, नानपारा, गोरखपुर शहर, खजनी, पडरौना, फाजिलनगर, पिंडरा और वाराणसी कैंट शामिल हैं।
इस तरह सपा के प्रस्ताव में कुल 26 सीटें बताई जा रही हैं। हालांकि, इन सीटों पर अंतिम सहमति बनना अभी बाकी है।
कांग्रेस से मांगा जीत का गणित
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सीट बंटवारे की बातचीत के दौरान सपा को करीब 130 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी। सपा ने प्रस्तावित 26 सीटों के अलावा बाकी सीटों पर कांग्रेस से अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा है। पार्टी ने यह जानकारी मांगी है कि जिन विधानसभा क्षेत्रों पर कांग्रेस दावा कर रही है, वहां उसकी चुनावी स्थिति कैसी है और जीत की कितनी संभावना है।
इसके साथ ही कांग्रेस से संभावित प्रत्याशियों के नाम और उनके स्थानीय जनाधार का ब्योरा भी मांगा गया है। यानी अब कांग्रेस को अपनी मांग के समर्थन में संबंधित सीटों पर जीत का आधार और उम्मीदवारों की स्थिति बतानी होगी।
अंतिम फैसले का इंतजार
दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। ऐसे में प्रस्तावित 26 सीटों को अंतिम समझौता नहीं माना जा सकता। कांग्रेस की ओर से मांगी गई सीटों और सपा के प्रस्ताव के बीच सहमति बनाने के लिए आगे भी चर्चा होने की संभावना है। अंतिम निर्णय दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद ही सामने आएगा।
written by Siddhi Srivastava



