Kieron Pollard: पोलार्ड ने छुआ 15 हजार रन का आंकड़ा, टी20 में ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी बने

Kieron Pollard: वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने इंटरनेशनल लीग टी20 में हासिल की बड़ी उपलब्धि, एमआई एमिरेट्स की कप्तानी कर रहे हैं पोलार्ड

Kieron Pollard: वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज कीरोन पोलार्ड ने टी20 क्रिकेट में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने इस फॉर्मेट में 15 हजार रन पूरे कर लिए हैं। यह आंकड़ा छूने वाले वह दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। फिलहाल इस सूची में इंग्लैंड के जोस बटलर शीर्ष पर हैं। पोलार्ड अब उनसे केवल 48 रन पीछे हैं। ऐसे में आगामी मुकाबले में उनके पास बटलर को पीछे छोड़कर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज बनने का अवसर होगा।

पोलार्ड ने यह मुकाम इंटरनेशनल लीग टी20 2026 में हासिल किया। वह इस टूर्नामेंट में एमआई एमिरेट्स की कप्तानी कर रहे हैं। डेजर्ट वाइपर्स के खिलाफ टूर्नामेंट के पहले मैच में मैदान पर उतरने से पहले उन्हें 15 हजार रन पूरे करने के लिए केवल एक रन की जरूरत थी। मुकाबले में 15 रन बनाते ही उन्होंने यह ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया। अब उनके नाम टी20 क्रिकेट में कुल 15,014 रन दर्ज हो गए हैं।

बटलर से सिर्फ 48 रन पीछे हैं पोलार्ड

टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में जोस बटलर 15,062 रन के साथ पहले स्थान पर हैं। पोलार्ड 15,014 रन बनाकर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। दोनों के बीच अब केवल 48 रन का अंतर रह गया है। पोलार्ड यदि अगले मैच में इतने रन बना लेते हैं तो वह बटलर को पीछे छोड़कर इस सूची में पहले स्थान पर पहुंच सकते हैं।

इस सूची में एलेक्स हेल्स 14,581 रन के साथ तीसरे और क्रिस गेल 14,562 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं। डेविड वॉर्नर 14,411 रन बनाकर पांचवें नंबर पर हैं। भारत के विराट कोहली भी इस सूची में शामिल हैं।

टी20 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 10 बल्लेबाज

खिलाड़ी रन
जोस बटलर 15,062
कीरोन पोलार्ड 15,014
एलेक्स हेल्स 14,581
क्रिस गेल 14,562
डेविड वॉर्नर 14,411
विराट कोहली 14,218
जेम्स विंस 14,218
शोएब मलिक 13,571
क्विंटन डिकॉक 13,046
फाफ डु प्लेसिस 12,784

सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने का रिकॉर्ड भी पोलार्ड के नाम

कीरोन पोलार्ड का टी20 करियर बेहद लंबा और प्रभावशाली रहा है। वह अब तक 755 मुकाबले खेल चुके हैं और इस फॉर्मेट में सर्वाधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। इस मामले में सुनील नरेन 618 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।

पोलार्ड ने 672 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 31.67 की औसत और 150.84 के स्ट्राइक रेट से 15,014 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने दो शतक और 71 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 104 रन रहा है।

गेंदबाजी में भी पोलार्ड ने अपनी उपयोगिता साबित की है। उन्होंने 436 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 25.36 की औसत से 341 विकेट हासिल किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर चार विकेट रहा है। इसके अलावा वह आठ बार एक पारी में चार विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।

टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से योगदान देने वाले पोलार्ड के पास अब एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका है। अगले मुकाबले में उनके प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें रहेंगी।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button