
Headache: सर्दियों की शुरुआत के साथ ही कई शहरों में वायु प्रदूषण की समस्या बढ़ने लगती है। इसका असर केवल फेफड़ों और सांस से जुड़ी परेशानियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि कुछ लोगों में सिरदर्द और माइग्रेन की समस्या भी बढ़ सकती है। यदि घर से बाहर निकलने के बाद सिर भारी महसूस होता है, माथे या कनपटी में दर्द होने लगता है अथवा लंबे समय तक सिरदर्द बना रहता है, तो इसकी एक वजह प्रदूषित हवा भी हो सकती है।
हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिए शरीर में प्रवेश करते हैं। वाराणसी स्थित गैलेक्सी अस्पताल के प्रमुख न्यूरोसर्जन डॉ. विश्वेश दत्त तिवारी के अनुसार, खराब वायु गुणवत्ता का प्रभाव उन लोगों पर अधिक पड़ सकता है जिन्हें पहले से सिरदर्द या माइग्रेन की शिकायत है। प्रदूषण ऐसे लोगों में दर्द की शुरुआत कर सकता है या पहले से मौजूद परेशानी को बढ़ा सकता है।
शरीर में सूजन बढ़ा सकते हैं प्रदूषण के कण
प्रदूषित हवा में मौजूद कणों का आकार अलग-अलग होता है। अपेक्षाकृत बड़े कण नाक और सांस की ऊपरी नली में काफी हद तक रुक जाते हैं, जबकि PM10 के कण फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। PM2.5 इससे भी छोटे होते हैं और फेफड़ों के गहरे हिस्सों में प्रवेश कर सकते हैं। कुछ सूक्ष्म कण शरीर में सूजन बढ़ाने के साथ रक्त प्रवाह तक भी पहुंच सकते हैं।
डॉ. तिवारी के मुताबिक, प्रदूषण से पैदा होने वाली सूजन शरीर की कोशिकाओं और नसों के कामकाज को प्रभावित कर सकती है। इसका असर रक्त वाहिकाओं और खून के प्रवाह पर भी पड़ सकता है। कुछ लोगों में सिरदर्द और माइग्रेन से जुड़ी नसें इससे अधिक सक्रिय हो सकती हैं। हालांकि, वायु प्रदूषण और सिरदर्द के बीच संबंध को पूरी तरह समझने के लिए अभी और वैज्ञानिक शोध की जरूरत है।
AQI बढ़ने पर क्यों परेशान कर सकता है सिरदर्द?
जब किसी इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) खराब होता है, तब वहां रहने या लंबे समय तक बाहर काम करने वाले लोगों को प्रदूषण का अधिक सामना करना पड़ सकता है। इससे शरीर में सूजन बढ़ने के अलावा नाक बंद होना, गले में खराश या जलन, खांसी और आंखों में जलन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इन परेशानियों के कारण सिरदर्द की तकलीफ और बढ़ सकती है।
माइग्रेन से पीड़ित लोगों के लिए स्थिति अधिक परेशानी वाली हो सकती है। यदि प्रदूषण के साथ पर्याप्त नींद न मिलना, तनाव, गर्मी या शरीर में पानी की कमी जैसी स्थितियां भी हों तो सिरदर्द तेज हो सकता है।
किन लोगों को अधिक सावधानी बरतनी चाहिए?
जिन लोगों को पहले से माइग्रेन या बार-बार सिरदर्द की समस्या रहती है, उन्हें प्रदूषण बढ़ने पर विशेष सावधानी रखनी चाहिए। इसके अलावा ट्रैफिक के बीच लंबे समय तक रहने वाले, निर्माण स्थलों पर काम करने वाले और कारखानों के आसपास रहने वाले लोगों को भी प्रदूषित हवा का अधिक सामना करना पड़ सकता है।
यदि आपको लगता है कि AQI खराब होने के दिनों में सिरदर्द बढ़ जाता है, तो कुछ समय तक अपने दर्द की स्थिति और रोजाना के AQI का रिकॉर्ड रख सकते हैं। इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि प्रदूषण और सिरदर्द के बीच कोई संभावित संबंध है या नहीं।
प्रदूषण से होने वाला सिरदर्द कैसा महसूस हो सकता है?
प्रदूषण से जुड़े सिरदर्द की कोई एक निश्चित पहचान नहीं है। यह सामान्य सिरदर्द, माइग्रेन या साइनस की परेशानी जैसा महसूस हो सकता है। कुछ लोगों को माथे और कनपटी के आसपास हल्का लेकिन लगातार दर्द या दबाव महसूस होता है। वहीं, कुछ लोगों को सिर में भारीपन और खिंचाव की शिकायत हो सकती है।
इसके साथ आंखों में जलन या पानी आना, नाक बंद होना, गले में जलन और खांसी जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं। माइग्रेन के मरीजों में सिर धड़कने के साथ जी मिचलाना और तेज रोशनी या आवाज से परेशानी भी हो सकती है। यदि खराब हवा में रहने के बाद बार-बार सिरदर्द बढ़ता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
प्रदूषण के बीच सिरदर्द से बचाव के लिए अपनाएं ये उपाय
वायु प्रदूषण को पूरी तरह नियंत्रित करना व्यक्ति के हाथ में नहीं होता, लेकिन इसके संपर्क को कम करके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव को घटाने की कोशिश की जा सकती है।
- AQI पर नजर रखें: घर से बाहर निकलने से पहले अपने इलाके का एयर क्वालिटी इंडेक्स जांचें। हवा बहुत खराब होने पर गैरजरूरी बाहरी गतिविधियों से बचें।
- N95 मास्क पहनें: बाहर जाना जरूरी हो तो चेहरे पर अच्छी तरह फिट होने वाला N95 मास्क लगाएं। यह हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों के सांस के साथ अंदर जाने को कम करने में मदद करता है।
- घर की हवा साफ रखें: कमरे के आकार के अनुरूप क्षमता वाला फिल्टर एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल किया जा सकता है।
- धुएं से बचें: घर के अंदर धूम्रपान न करें। अगरबत्ती और मच्छर भगाने वाली कॉइल का इस्तेमाल भी सीमित रखें।
- सिरदर्द का रिकॉर्ड बनाएं: दर्द कब शुरू हुआ, कितनी देर रहा और उस दिन AQI कितना था, इसकी जानकारी लिखकर रखें। जरूरत पड़ने पर यह रिकॉर्ड डॉक्टर के लिए उपयोगी हो सकता है।
यदि सिरदर्द लगातार बना रहे, बार-बार हो या पहले से अधिक गंभीर हो जाए तो डॉक्टर से परामर्श लेना जरूरी है। अचानक बहुत तेज सिरदर्द, बोलने में परेशानी, कमजोरी, भ्रम या देखने में बदलाव जैसे लक्षण हों तो तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।
written by Siddhi Srivastava



