
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने सीटों के बंटवारे की तैयारी तेज कर दी है। एक ओर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच गठबंधन की शर्तों पर बातचीत शुरू हो गई है, वहीं दूसरी तरफ एनडीए के सहयोगी दल भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश में जुटे हैं। कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर दो दिवसीय बैठक शुरू हुई। पहले दिन करीब 20 मिनट तक चर्चा हुई। दोनों दलों के नेताओं ने बातचीत को सकारात्मक बताया है।
बैठक में सपा की ओर से महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी शामिल हुए। कांग्रेस की तरफ से प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद मौजूद रहे।
सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बातचीत
बैठक के बाद सपा महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि जब कोई समस्या जटिल होती है तो उसे सुलझाने में समय लगता है। उन्होंने बातचीत को सौहार्दपूर्ण बताया। कांग्रेस नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि अगले दिन फिर बैठक होगी और दोनों दल मिलकर चुनाव लड़ने के मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने कहा कि सीटों की संख्या को लेकर मनमानी नहीं हो सकती। गठबंधन का उद्देश्य चुनाव जीतना और उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाना है। इसके लिए दोनों दलों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। राजेंद्र पाल गौतम के मुताबिक, राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच हुई बातचीत के आधार पर आगे की रणनीति बनाई जा रही है।
कांग्रेस की 181 सीटों वाली मांग पर चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस इस बार अपनी पुरानी 181 सीटों की सूची में बदलाव कर नई सूची के आधार पर सपा से बातचीत कर रही है। इस सूची को प्रियंका गांधी की सहमति मिलने की बात भी सामने आई है। वहीं, सपा के सूत्रों का कहना है कि पार्टी कांग्रेस को करीब 40 से 50 सीटें देने के पक्ष में है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस जिन सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है, उनके चुनावी समीकरण, जीत की संभावनाओं और संगठन की तैयारी पर चर्चा हो रही है। सपा इन सीटों पर कांग्रेस से विस्तृत जानकारी मांग सकती है। राजस्थान पंचायत चुनावों के बाद कांग्रेस के नेताओं का मानना है कि पार्टी की स्थिति मजबूत हुई है और इससे सीट बंटवारे में उसकी दावेदारी को बल मिल सकता है।
कांग्रेस ने इन जिलों में मांगी हैं सीटें
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस की प्रस्तावित सूची में 181 सीटें शामिल हैं। इनमें 135 सामान्य और 46 आरक्षित सीटें बताई गई हैं। पार्टी ने अलग-अलग जिलों में इस तरह दावेदारी की है:
- अमेठी: सभी 4 सीटें
- रायबरेली: सभी 6 सीटें
- सहारनपुर: 7 में से 6 सीटें
- हापुड़: सभी 3 सीटें
- बुलंदशहर: सभी 7 सीटें
- गौतमबुद्धनगर: सभी 3 सीटें
- सीतापुर: 9 में से 7 सीटें
- मुरादाबाद: 6 में से 4 सीटें
- लखनऊ: 9 में से 6 सीटें
- भदोही: सभी 3 सीटें
- फतेहपुर: 6 में से 4 सीटें
- देवरिया: 7 में से 6 सीटें
- जौनपुर: 9 में से 4 सीटें
- मथुरा: सभी 5 सीटें
- प्रयागराज: 12 में से 7 सीटें
- प्रतापगढ़: 7 में से 4 सीटें
पिछले चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पिछले विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन पर भी सीट बंटवारे की बातचीत का असर पड़ सकता है। वर्ष 2012 में पार्टी आरएलडी के साथ गठबंधन में 355 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 28 सीटें जीती थीं। उसे 11.65 प्रतिशत वोट मिले थे।
2017 में सपा के साथ गठबंधन कर कांग्रेस ने 114 सीटों पर उम्मीदवार उतारे और सात सीटों पर जीत दर्ज की। पार्टी का वोट प्रतिशत 6.25 रहा। वहीं, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन उसे केवल दो सीटों पर सफलता मिली। उसका वोट प्रतिशत घटकर 2.33 रह गया।
हालांकि, 2022 में कुछ सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा। रामपुर खास में पार्टी को 50.27 प्रतिशत और फरेंदा में 40.28 प्रतिशत वोट मिले। चार सीटों पर कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही, जबकि 42 सीटों पर उसे 10 हजार से अधिक वोट मिले थे।
कांग्रेस को प्रदेश में अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ वर्गों, ब्राह्मणों और दलितों के पासी समुदाय के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ होने की उम्मीद है। पार्टी 2024 के लोकसभा चुनाव में 17 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और छह सीटें जीती थीं। इसके अलावा 39 विधानसभा क्षेत्रों में उसे बढ़त मिली थी।
NDA में सहयोगी दलों की बढ़ी सीटों पर नजर
दूसरी ओर, भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में भी सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा तेज है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में सहयोगी दलों को 55 से 60 सीटें दे सकती है, जबकि खुद 340 से 350 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में है। हालांकि, सहयोगी दल पिछले चुनाव की तुलना में अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल उत्तर प्रदेश में भाजपा के साथ अपना दल (एस), निषाद पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) गठबंधन में हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के साथ अपना दल (एस) और निषाद पार्टी ही थीं। बाद में एनडीए में दो अन्य सहयोगी दल भी शामिल हुए।
सहयोगी दलों की क्या है मांग?
सूत्रों के अनुसार, अपना दल (एस) इस बार 30 से 35 सीटों पर दावेदारी कर सकता है। पार्टी 2022 में 18 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। वहीं, निषाद पार्टी पिछली बार 16 सीटों पर मैदान में उतरी थी और इस बार 30 से अधिक सीटें मांग रही है।
सुभासपा और आरएलडी वर्ष 2022 के चुनाव में एनडीए का हिस्सा नहीं थीं। इस बार दोनों दल भी सीटों को लेकर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, दोनों की मांग करीब 30-30 सीटों की बताई जा रही है।
2022 में किस पार्टी को मिली थीं कितनी सीटें?
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने 255 सीटों पर जीत दर्ज की थी। सपा को 111, कांग्रेस को 2 और बसपा को एक सीट मिली थी। एनडीए के सहयोगियों में अपना दल (एस) ने 12 और निषाद पार्टी ने 6 सीटें जीती थीं। वहीं, आरएलडी को 8 और सुभासपा को 6 सीटें मिली थीं।
2027 के चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीटों का तालमेल और एनडीए में सहयोगियों की दावेदारी दोनों ही राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम हैं। फिलहाल दोनों गठबंधनों में बातचीत जारी है। सीटों की अंतिम तस्वीर सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि कौन-सा दल कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगा।
written by Siddhi Srivastava



