Sonbhadra News-सोनभद्र में वाहन फिटनेस सेंटर पर मनमानी वसूली का आरोप, ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन ने एआरटीओ को सौंपा शिकायत पत्र

Sonbhadra News - Allegations of blatant extortion under the guise of 'fitness' checks: Truck Owners' Association submits a complaint letter to the ARTO.

Sonbhadra News-जनपद में वाहन फिटनेस सेंटर द्वारा वाहन स्वामियों से निर्धारित सरकारी शुल्क से कई गुना अधिक धनराशि वसूलने का आरोप लगा है। इस मामले को लेकर सोनभद्र ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

एसोसिएशन का आरोप है कि जनपद में संचालित फिटनेस सेंटर पर वाहनों की फिटनेस जांच और प्रमाण-पत्र जारी करने के नाम पर सरकारी शुल्क के अतिरिक्त मनमानी रकम मांगी जा रही है। इससे छोटे और बड़े वाहन स्वामियों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वाहन स्वामियों के आर्थिक शोषण का आरोप

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि वाहन स्वामी पहले से ही डीजल, पेट्रोल, बीमा, टैक्स, मरम्मत और अन्य खर्चों के बढ़ते बोझ से परेशान हैं। ऐसे में फिटनेस सेंटर पर अतिरिक्त धनराशि की मांग करना उनके साथ आर्थिक शोषण के समान है।

एआरटीओ से की गई ये प्रमुख मांगें

ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन ने परिवहन विभाग से फिटनेस सेंटर की कार्यप्रणाली और शुल्क वसूली की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इसके साथ ही सेंटर परिसर में सरकारी शुल्क की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित कराने की बात कही है।

एसोसिएशन ने मांग की है कि निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित सेंटर के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। फिटनेस प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और प्रत्येक वाहन स्वामी को जमा की गई धनराशि की विधिवत रसीद दी जाए।

कार्रवाई नहीं हुई तो शासन तक पहुंचेगा मामला

एसोसिएशन ने कहा कि वाहन स्वामियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन के पदाधिकारी उच्च अधिकारियों से लेकर शासन स्तर तक शिकायत करेंगे।

शिकायत पत्र पर दिनेश देव पाण्डेय, अंकुर कश्यप, आनंद शंकर दुबे, सुरेश गुप्ता, मनीष सिंह, अभिषेक चौबे, देवेन्द्र कुमार पाठक, आनंद देव पाण्डेय, सुरेन्द्रनाथ चौबे, अविनाश कुमार मिश्रा, सुशील कुमार सिंह, दीपक सिंह, अशोक पासवान, रोहित सिंह, सुनील कुमार चौबे, रंजीत कुमार पाण्डेय, अभिषेक कुमार सिंह, दिनेश कुमार, नीरज यादव, अवनीश कुमार पाण्डेय और सुमेर मौर्या सहित अन्य पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।

फिलहाल इस मामले में फिटनेस सेंटर संचालक और परिवहन विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है।

Read Also-Diljit Dosanjh: अहमदाबाद में दिलजीत के कॉन्सर्ट पर विवाद, प्रोफेसर ने चार गानों को लेकर दी कानूनी चेतावनी

रिपोर्ट: अमित मिश्रा, सोनभद्र

Show More

Related Articles

Back to top button