
नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटले में सीबीआई ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को समन भेजा है। जिसके बाद आम आदमी पार्टी और भाजपा के नेताओं के तीखी बयानबाजी शुरू हो गयी है। समन भेजे जाने पर आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने जहां दिल्ली के केजरीवाल को आधुनिक युग का महात्मा गांधी बता दिया तो वहीं, भाजपा के नेता वीरेंद्र सचदेवा ने उनकी तुलना माफिया अतीक अहमद से कर दी है।
दिल्ली भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता भाषा की मर्यादा भूल गए। वह एक अपराधी की भाषा बोलते हैं। उन्होने कहा कि अरविंद केजरीवाल अतीक अहमद की भाषा बोलते हैं। हमने दोनों के बीच समानताएं देखीं- आमतौर पर दो अपराधियों के बीच ही ऐसा होता है। भाजपा ने केजरीवाल पर शराब घोटाले का सरगना होने का आरोप लगाया है।
महात्मा गांधी से तुलना
आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा ने शनिवार को कहा कि केजरीवाल आधुनिक समय के महात्मा गांधी हैं। मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा, ”आम आदमी पार्टी के नेता भारत को दुनिया में नंबर एक देश बनाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे। अरविंद केजरीवाल एक आधुनिक सत्यनिष्ठा वाले महात्मा गांधी हैं।”