Logic Tablet: Logic Neo X1 Pro टैबलेट भारत में पेश, 8000mAh बैटरी और Android 17 से लैस

Logic Tablet: 10.95 इंच की 90Hz स्क्रीन, 8GB रैम और 1TB तक स्टोरेज का विकल्प; कीमत और बिक्री की तारीख का खुलासा नहीं

Logic Tablet: टेक्नोलॉजी कंपनी Logic ने भारतीय बाजार में अपना नया टैबलेट Neo X1 Pro पेश किया है। कंपनी ने इसे खास तौर पर छात्रों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। इसमें 10.95 इंच की बड़ी स्क्रीन, 90Hz रिफ्रेश रेट, 8,000mAh की बैटरी और Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

Neo X1 Pro के लॉन्च के साथ Logic ने टैबलेट सेगमेंट में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। कंपनी इससे पहले इंटरैक्टिव डिस्प्ले और एंटरप्राइज विजुअल सॉल्यूशन जैसे उत्पादों पर काम कर रही थी। अब नए डिवाइस के जरिए वह पर्सनल कंप्यूटिंग बाजार में भी अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रही है।

90Hz रिफ्रेश रेट वाली बड़ी स्क्रीन

Logic Neo X1 Pro में 10.95 इंच का WUXGA IPS डिस्प्ले दिया गया है। इसका रेजोल्यूशन 1,920×1,200 पिक्सल है और यह 90Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करता है। स्क्रीन पर लो ब्लू-लाइट ट्रीटमेंट दिया गया है, जिसका उद्देश्य लंबे समय तक इस्तेमाल के दौरान आंखों पर पड़ने वाले दबाव को कम करना है। इसके अलावा डिस्प्ले में एंटी-ग्लेयर और एंटी-फिंगरप्रिंट फिनिश भी मिलती है। कंपनी का दावा है कि स्क्रीन पर एंटीमाइक्रोबियल कोटिंग भी की गई है।

8000mAh की बैटरी और 18W चार्जिंग

टैबलेट में 8,000mAh की बैटरी दी गई है, जो 18W चार्जिंग सपोर्ट करती है। चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट मौजूद है। डिवाइस की मोटाई 7.89 मिलीमीटर और वजन 520 ग्राम है। इसका निर्माण एनोडाइज्ड एल्युमिनियम अलॉय और पॉलीकार्बोनेट से किया गया है। यह Space Grey कलर में उपलब्ध होगा।

इसके एजुकेशन एडिशन को IP52 रेटिंग दी गई है। कंपनी टैबलेट के साथ प्रोटेक्टिव केस भी दे रही है, जिसमें बिल्ट-इन किकस्टैंड मौजूद है। इसके अलावा इसमें मैग्नेटिक मिनी-मिरर दिया गया है। इसकी मदद से फ्रंट कैमरे के जरिए डेस्क पर रखे हाथ से लिखे नोट्स और अन्य काम को कैप्चर किया जा सकता है।

13MP रियर और 8MP फ्रंट कैमरा

फोटोग्राफी और वीडियो कॉलिंग के लिए Neo X1 Pro में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। बेहतर ऑडियो अनुभव के लिए इसमें डुअल स्पीकर भी मिलते हैं। कनेक्टिविटी के लिहाज से यह टैबलेट 4G LTE, डुअल-बैंड Wi-Fi 6, Bluetooth 5.3 और GPS को सपोर्ट करता है।

8GB रैम और 1TB तक स्टोरेज

परफॉर्मेंस के लिए टैबलेट में ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है। हालांकि, कंपनी ने अभी प्रोसेसर के मॉडल या नाम की जानकारी साझा नहीं की है। इसमें 8GB रैम के साथ 128GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है। माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से स्टोरेज को 1TB तक बढ़ाया जा सकता है।

यह डिवाइस Android 17 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है और इसमें Google Mobile Services (GMS) का सपोर्ट भी दिया गया है।

कीमत और बिक्री की जानकारी का इंतजार

Logic ने फिलहाल Neo X1 Pro की भारतीय कीमत की घोषणा नहीं की है। कंपनी ने इसकी बिक्री शुरू होने की तारीख और उपलब्धता से जुड़े रिटेल चैनलों के बारे में भी जानकारी नहीं दी है। ऐसे में टैबलेट की वास्तविक कीमत और बाजार में उपलब्धता को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button