UP News : यूपी के 16 जिलों में फाइलेरिया अभियान शुरू, सीतापुर-फतेहपुर पर फोकस

UP News : यूपी के 16 जिलों के 53 ब्लॉकों में एमडीए अभियान शुरू। सीतापुर के 10 और फतेहपुर के 11 ब्लॉकों में सभी पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने का लक्ष्य।

UP News : उत्तर प्रदेश को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए प्रदेश के 16 जिलों में सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान शुरू हो गया है। अभियान के तहत 53 ब्लॉकों में पात्र लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई जाएगी। सीतापुर और फतेहपुर जिले के 40 प्रतिशत ब्लॉक फाइलेरिया की चुनौती से प्रभावित होने के कारण इन दोनों जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने इस बार शत-प्रतिशत पात्र लोगों तक दवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।

सीतापुर से हुआ अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ

सीतापुर के परसेंडी ब्लॉक स्थित श्रीकृष्ण कॉलेज ऑफ फार्मेसी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रथमेश कुमार ने स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा खाकर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जब रामपुर फाइलेरिया मुक्त हो सकता है तो सीतापुर और प्रदेश का कोई दूसरा जिला क्यों नहीं। इसके लिए सामूहिक संकल्प और जनभागीदारी जरूरी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि इस बार सभी पात्र व्यक्ति दवा का सेवन करें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

सीतापुर के 10 और फतेहपुर के 11 ब्लॉक अभियान में शामिल

राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. एके चौधरी ने बताया कि एमडीए अभियान सीतापुर, फतेहपुर, कानपुर सहित प्रदेश के 16 जिलों के 53 ब्लॉकों में संचालित किया जा रहा है। इनमें फतेहपुर के 11 और सीतापुर के 10 ब्लॉक शामिल हैं। उन्होंने सीतापुर के लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और अभियान के दौरान सभी पात्र लोगों से फाइलेरिया रोधी दवा खाने की अपील की।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय संस्था ईसाई (EiSAI) और गेट्स फाउंडेशन के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। टीम ने राही गांव का भ्रमण कर अभियान की गतिविधियों का जायजा लिया।

विधायकों और अधिकारियों ने दवा खाकर दिया संदेश

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वयं दवा का सेवन किया। फतेहपुर में विधायक विकास गुप्ता ने दवा खाकर अभियान की शुरुआत की। शाहजहांपुर के तिलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक सलोना कुशवाहा ने दवा का सेवन कर लोगों को प्रेरित किया।

उन्नाव में एसडीएम शालिनी तोमर ने फाइलेरिया रोधी दवा खाई। इस दौरान दिल्ली से आए नेशनल सेंटर फॉर वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम के उप सचिव दीप पंत ने भी दवा का सेवन किया और आमजन से अभियान में भागीदारी की अपील की। टीम ने सीएचसी हसनगंज और मौला बाकीपुर गांव का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।

इसी क्रम में कानपुर के बिधनू ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख अरुण कुमार कोरी और हरदोई के सांडी ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह राजपूत ने फाइलेरिया रोधी दवा खाकर लोगों को अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि अभियान के दौरान सभी पात्र लोग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन करें और प्रदेश को फाइलेरिया मुक्त बनाने में सहयोग दें।

Show More

Related Articles

Back to top button