Lucknow News : लखनऊ में कश्यप समाज का 5वां परिचय सम्मेलन, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

Lucknow News : लखनऊ में कश्यप समाज के 5वें सामाजिक एवं वैवाहिक परिचय सम्मेलन में सैकड़ों परिवार जुटे। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने पिछड़ा समाज के उत्थान और सरकारी योजनाओं पर बात की।

 

Lucknow News : राजधानी लखनऊ के दुबग्गा स्थित मेहता मैरिज लॉन में रविवार को कश्यप समाज का पांचवां सामाजिक एवं वैवाहिक परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया। कीर्ति कश्यप समन्वय समिति (रजि.) और भारतीय जलवंशी महासभा लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में सैकड़ों परिवारों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विवाह योग्य युवक-युवतियों और उनके परिजनों ने एक-दूसरे से परिचय प्राप्त किया। वहीं, शिक्षा और करियर के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भारत सरकार के संचार मंत्रालय के पूर्व सदस्य रामगोपाल कश्यप ने समारोह की अध्यक्षता की। इस दौरान राज्यसभा सदस्य बाबू राम निषाद, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, हरदोई के हरपालपुर ब्लॉक प्रमुख अनोखे लाल कश्यप, कासगंज जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, एडवोकेट विनय कश्यप और सुरेश कश्यप सहित समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

पिछड़ा समाज के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध: नरेंद्र कश्यप

राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार पिछड़ा समाज के शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के लोगों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को निःशुल्क शिक्षा, छात्रवृत्ति, रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा में प्रवेश और कंप्यूटर ओ-लेवल की निःशुल्क शिक्षा जैसी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। राज्यमंत्री ने दावा किया कि पिछली सरकारों की तुलना में मौजूदा सरकार ने पिछड़ा समाज के बजट में तीन गुना वृद्धि की है।

वैवाहिक परिचय के साथ सामाजिक एकजुटता पर जोर

सम्मेलन में विवाह योग्य युवक-युवतियों ने मंच के माध्यम से अपना परिचय दिया। उनके परिवारों को भी आपस में बातचीत और एक-दूसरे के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के सम्मेलन से समाज में आपसी मेलजोल और एकजुटता बढ़ती है। साथ ही विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए योग्य जीवनसाथी तलाशने में परिवारों को मदद मिलती है।

मेधावी विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम में शिक्षा और करियर के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रमाणपत्र और विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। बच्चों की ओर से प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी समारोह का प्रमुख आकर्षण रहे। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक सीताराम कश्यप, अध्यक्ष सुशील कुमार कश्यप, उपाध्यक्ष विनोद कश्यप, कीर्ति मौरिस ब्यूरो के राजेश कश्यप और भारतीय जलवंशी महासभा के अध्यक्ष डॉ. दिनेश कश्यप, महामंत्री डॉ. राजमोहन निषाद, कोषाध्यक्ष मीरा कश्यप सहित जलवंशी समाज के सदस्यों का सक्रिय योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन अनिल कश्यप और नम्रता ने किया। अंत में आयोजक मंडल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

Show More

Related Articles

Back to top button