
Politics : कांग्रेस के भारत समिट 2026 में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। इटली के नेता और पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह नारा लगाया। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हंसते और तालियां बजाते नजर आए। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर निशाना
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं पर अप्रत्यक्ष रूप से हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “क्या आपने कभी किसी विदेशी व्यक्ति द्वारा भारत का अपमान किए जाने पर किसी को हंसते देखा है? मैं यह नहीं पूछ रहा कि कौन-सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।”
रिजिजू ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इसे राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं से जोड़कर देखा जा रहा है। विवाद की वजह फिलिबेक का वह नारा है, जिसे उन्होंने भारत समिट के मंच से लगाया था।
इटली के नेता ने राहुल गांधी और कांग्रेस का किया समर्थन
पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने भारत समिट के दौरान भारतीय लोकतंत्र की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और इसकी रक्षा करने की जरूरत है।
समाचार एजेंसी से बातचीत में फिलिबेक ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भारतीय लोकतंत्र के सामने मौजूद चुनौतियों की ओर ध्यान आकर्षित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस का समर्थन करते हुए कहा कि भारतीय लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके साथ खड़ा होना जरूरी है।
फिलिबेक का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चल रहे विवाद के संदर्भ में था।
भाजपा ने विदेशी हस्तक्षेप का लगाया आरोप
फिलिबेक के बयान पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत के घरेलू राजनीतिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप को बढ़ावा दे रहे हैं।
भंडारी ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी को विदेशी ताकतों और जॉर्ज सोरोस का कठपुतली बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता विदेशी समर्थन के जरिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को हटाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र और देश की आंतरिक राजनीति में बाहरी दखल का मामला बताया।
भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने भी फिलिबेक के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि किसी विदेशी व्यक्ति को भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अब देश के बाहर से लोगों को बुलाकर नारे लगवा रही है।
संजय राउत ने भाजपा के आरोपों पर किया पलटवार
इस विवाद पर शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने फिलिबेक का बचाव किया। उन्होंने भाजपा की आलोचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की प्रधानमंत्री को मेलोडी चॉकलेट दे सकते हैं, तो इटली का कोई नेता भारत आकर यहां के बारे में अपनी बात भी रख सकता है।
राउत ने कहा कि भारत में लोकतंत्र की स्थिति अंतरराष्ट्रीय महत्व का विषय है और इसे संयुक्त राष्ट्र तथा मानवाधिकारों से जुड़े मुद्दे के तौर पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने इसे किसी विदेशी शक्ति के हस्तक्षेप का मामला मानने से इनकार किया।
कांग्रेस समिट में लगे नारे और विदेशी नेता के बयान के बाद भाजपा और विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।



