UP Assembly Election: सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के मुख्यमंत्री चेहरे पर सस्पेंस खत्म, चंद्रशेखर आजाद होंगे सीएम उम्मीदवार: ओवैसी

UP Assembly Election: लखनऊ में AIMIM प्रमुख ने किया ऐलान, आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम मिलकर यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

UP Assembly Election: उत्तर प्रदेश की राजनीति में नए गठबंधन के गठन के साथ ही सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने अपने मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। AIMIM प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान घोषणा की कि नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद मोर्चे के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे।

ओवैसी ने कहा कि वह चंद्रशेखर आजाद की बात के साथ खड़े हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के गठबंधन से बना सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश में मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आएगा। ओवैसी ने दावा किया कि यह मोर्चा भाजपा को प्रदेश में तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने की ताकत रखता है।

दो दलों के गठबंधन से बना सामाजिक परिवर्तन मोर्चा

इससे पहले चंद्रशेखर आजाद ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और एआईएमआईएम के साथ मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे केवल तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव के उद्देश्य से गठित राजनीतिक मंच के रूप में देखा जाना चाहिए।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बहुजन समाज को मुख्यधारा में लाने और उसके अधिकारों की रक्षा करने के नाम पर राजनीति करने वाले लोगों ने समाज को निराश किया है। उनके मुताबिक, आज भी दलित और वंचित वर्ग के लोग बुनियादी सुविधाओं और सम्मान से वंचित हैं।

भाजपा को सत्ता से हटाने के पुराने प्रयासों पर उठाए सवाल

चंद्रशेखर आजाद ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए पहले भी कई राजनीतिक गठबंधन बने, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। उन्होंने 2014 से 2024 के बीच हुए राजनीतिक प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा कमजोर होने के बजाय और मजबूत हुई।

उन्होंने आरोप लगाया कि दलित और वंचित समाज को लंबे समय से अपमान और उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। अब इस स्थिति को स्वीकार नहीं किया जाएगा। चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा को चुनौती देने के लिए व्यापक एकजुटता जरूरी है, लेकिन पहले हुए गठबंधनों में आपसी सम्मान और सहयोग की कमी रही।

सपा और कांग्रेस को भी साथ आने का प्रस्ताव

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा का विस्तार करने के लिए वह समाजवादी पार्टी और कांग्रेस से भी संपर्क करेंगे। उन्होंने दोनों दलों को भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव देने की बात कही।

उनका कहना था कि यदि सपा और कांग्रेस भाजपा को हराने के उद्देश्य से इस मोर्चे में शामिल होना चाहती हैं तो उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ने में कोई आपत्ति नहीं है।

सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मोर्चे के लिए प्रदेश की हर विधानसभा सीट महत्वपूर्ण है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में इस गठबंधन में अन्य दल शामिल होते हैं या नहीं और प्रदेश की चुनावी राजनीति में इसका कितना प्रभाव पड़ता है।

written by Siddhi Srivastava
Show More

Related Articles

Back to top button