
Cyber Fraud – कॉल सेंटर की आड़ में साइबर ठगी का कोलकता पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुरुवार को कोलकाता पुलिस ने हेस्टिंग्स की एक बहुमंजिली इमारत के एक कार्यालय से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का इस्तेमाल करने वालों को गिरफ्तार किया है। इनमें पांच महिलाओं समेत छह लोग शामिल हैं।
कोलकाता पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हेस्टिंग्स में 12 गवर्नमेंट प्लेस (ईस्ट) के पते पर स्थित यह इमारत कोलकाता के हेयर स्ट्रीट पुलिस स्टेशन अंतर्गत आता है। उस इमारत में कॉल सेंटर खोलने के लिए एक कार्यालय किराए पर लिया गया था। उस कार्यालय से देश-विदेश समेत राज्य में कई जगहों पर कॉल किए जाते थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सरकारी अधिकारियों के नाम पर फोन किए जाते थे। उन्हें ‘पीएम वाईफाई योजना’ का सब्सक्राइबर बनने का लालच दिया जाता था। कहा जाता था कि अगर आप इस स्कीम से जुड़ते हैं, तो आपको ज़िंदगीभर फ्री इंटरनेट सर्विस मिलेगी। कोई समस्या होने पर फ्री सर्विस देने का वादा किया जाता था। कई लोग इस जाल में फंस जाते थे। शिकायत मिलने के बाद कोलकाता पुलिस जांच शुरू की। कोलकाता पुलिस के अधिकारियों को हेस्टिंग्स कार्यालय का पता चला। गुरुवार को लालबाजार ने हेस्टिंग्स की एक बहुमंजिली इमारत के पहले तल पर मौजूद कार्यालय पर छापेमारी की। पुलिस को वहां से कई मोबाइल फोन, कस्टमर के डॉक्यूमेंट, डेटा लिस्ट और एक स्पेशल स्क्रिप्ट मिली। पुलिस ने मौके से पांच महिला टेलीकॉलर और मैनेजर कृष्णेंदू साहा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस घटना में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (डिटेक्टिव) कुणाल अग्रवाल ने कहा कि गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना में और कौन-कौन शामिल है।



