Indian Railway : पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित हुआ रेल मंत्रालय

Indian Railway : रेल मंत्रालय को पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवार्ड मिला। देशभर की 12,495 रेलवे इमारतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए गए, 351 मेगावाट क्षमता स्थापित।

Indian Railway : देश में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और रेलवे परिसरों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए रेल मंत्रालय को प्रतिष्ठित ‘पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित ‘रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026’ में रेल मंत्रालय को यह पुरस्कार प्रदान किया।

‘पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना’ के तहत केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों की ओर से सर्वाधिक इमारतों को सौर ऊर्जा से लैस करने की श्रेणी में रेल मंत्रालय ने पहला स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि सार्वजनिक संस्थानों में अक्षय ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

12,495 रेलवे इमारतों पर लगे सोलर सिस्टम

रेल मंत्रालय ने देशभर में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए 15,868 उपयुक्त रेलवे इमारतों की पहचान की है। इनमें से अब तक 12,495 इमारतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा चुके हैं। यह कुल चिह्नित इमारतों का करीब 79 प्रतिशत है। मंत्रालय ने 424 मेगावाट के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले अब तक 351 मेगावाट की रूफटॉप सोलर क्षमता स्थापित कर ली है।

राष्ट्रीय स्तर पर 66 प्रतिशत लक्ष्य पूरा

देशभर में 77 केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के अंतर्गत कुल 39,135 इमारतों को सौर ऊर्जा से जोड़ने के लिए चिह्नित किया गया है। इनमें से 25,984 इमारतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इस तरह राष्ट्रीय स्तर पर करीब 66 प्रतिशत लक्ष्य पूरा हो चुका है। इस उपलब्धि में रेल मंत्रालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मार्च 2027 तक सभी उपयुक्त इमारतों पर सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य

रेल मंत्रालय ने मार्च 2027 तक शेष सभी उपयुक्त रेलवे इमारतों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस पहल से रेलवे की ऊर्जा जरूरतों को स्वच्छ स्रोतों से पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही ऊर्जा दक्षता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी गति मिलेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button