
Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अयोध्या के बदलाव की तस्वीर पेश की। उन्होंने अयोध्या की प्राचीन और वर्तमान स्थिति का जिक्र करते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर शहर की उपेक्षा का आरोप लगाया। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को रामनगरी की नई पहचान बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा कि अयोध्या भारतीय सभ्यता की जन्मभूमि, संस्कृति की प्राणधारा और आस्था की शाश्वत ज्योति है। हालांकि, वर्ष 2017 से पहले यह नगरी उपेक्षा, अव्यवस्था और तुष्टीकरण का सामना करने को विवश थी। उस समय श्रद्धालुओं को यात्रा में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और नगर की व्यवस्थाएं भी जर्जर थीं। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिवारों के लिए विकास और रोजगार के अवसर भी सीमित थे।
राम मंदिर से एयरपोर्ट तक बदली अयोध्या की तस्वीर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या की प्राचीन गरिमा को आधुनिक विकास के साथ नई पहचान मिली है। भव्य श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, रामपथ, धर्मपथ, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और आधुनिक रेलवे स्टेशन जैसे निर्माण कार्यों ने रामनगरी के स्वरूप में बदलाव किया है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन परियोजनाओं का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अयोध्या के गौरव को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ अब अयोध्यावासियों के घर-आंगन तक पहुंच रहा है।
पर्यटन बढ़ने से व्यापार और रोजगार को मिल रहा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में अयोध्या में बढ़ते पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही से व्यापार को मजबूती मिल रही है। नए अवसरों के जरिए युवाओं को रोजगार से जुड़ने का मौका मिल रहा है और स्थानीय परिवारों के सामने आर्थिक समृद्धि की नई संभावनाएं बन रही हैं।
योगी ने कहा कि अयोध्या में हो रहे बदलाव का असर केवल धार्मिक पर्यटन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
विरासत के साथ विकास की राह पर रामनगरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी विकास की प्रतीक्षा करने वाली अयोध्या आज अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए प्रगति की नई इबारत लिख रही है। उन्होंने रामनगरी को सनातन आस्था, अस्मिता और आराधना का प्रमुख केंद्र बताया।
योगी के अनुसार, अयोध्या आज ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सांस्कृतिक चेतना और समृद्धि का प्रतीक बन रही है। मुख्यमंत्री की यह पोस्ट अयोध्या में हुए विकास कार्यों और शहर की बदलती पहचान को लेकर सरकार के दृष्टिकोण को सामने रखती है।
written by Siddhi Srivastava



