
Business News- टाटा समूह की खुदरा कारोबार कंपनी टाटा ट्रेंट लिमिटेड के चेयरमैन नोएल एन. टाटा 11 नवंबर, 2026 को पद से सेवानिवृत्त होंगे। उनके स्थान पर कंपनी ने बहराम वकील को 12 नवंबर से नया चेयरमैन नियुक्त किया है।
ट्रेंट ने गुरुवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि नोएल टाटा 12 नवंबर से मानद चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। कंपनी ने उनके योगदान को देखते हुए यह निर्णय लिया है। कंपनी ने कहा कि उनके रणनीतिक मार्गदर्शन और नेतृत्व ने उसकी बाजार स्थिति मजबूत करने तथा वृद्धि हासिल करने में मदद की। निदेशक मंडल ने कंपनी में उनके 29 वर्षों के योगदान की सराहना की। वह 1997 से ही ट्रेंट से जुड़े रहे हैं।
कंपनी के मुताबिक निदेशक मंडल ने राजीव दुबे को 30 अक्टूबर से अतिरिक्त गैर-कार्यकारी, गैर-स्वतंत्र निदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दी है। यह नियुक्ति अभी शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। इसके अलावा कल्पना मर्चेंट को 30 अक्टूबर, 2026 से तीन साल के लिए अतिरिक्त निदेशक और स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति भी शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। कंपनी ने कहा कि नेतृत्व में ये बदलाव टाटा समूह के संचालन संबंधी दिशा- निर्देशों के अनुरूप है। इन दिशा-निर्देशों में निदेशक मंडल की संरचना, समितियों और निदेशकों की सेवानिवृत्ति से जुड़े प्रावधान भी शामिल हैं।
ट्रेंट कंपनी वेस्टसाइड और जूडियो जैसे ब्रांड के जरिए फैशन खुदरा कारोबार में सक्रिय है। इसके अलावा कंपनी स्टार नाम से खाद्य एवं किराना कारोबार भी चलाती है। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 25 फीसदी बढ़कर 468 करोड़ रुपये रहा। इस दौरान उसका राजस्व 22 फीसदी बढ़कर 5,873 करोड़ रुपये हो गया।
Read Also-Karwa Chauth 2026: चांद को अर्घ्य देने के बाद कैसे खोलें व्रत? जानें पारण के नियम और धार्मिक महत्व



