
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की प्रो. जया कपूर को अंग्रेजी विभाग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के अनुमोदन के उपरांत कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने प्रो. जया कपूर की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। प्रो. जया कपूर ने निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. इंद्राणी मुखर्जी से मंगलवार को पदभार ग्रहण किया। इस दौरान विभाग के अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. जया कपूर ने कहा कि विभाग में उत्तम शिक्षण माहौल, शैक्षणिक-एक्सटेंशन क्रियाकलापों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही विभाग में गुणवत्तापूर्ण शोध और अन्य संस्थानों के साथ सहयोगात्मक कार्यों को बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अंग्रेजी और आधुनिक यूरोपियन भाषा की स्थापना वर्ष 1922 में हुई थी। प्रो. जया कपूर विभाग की 28वीं अध्यक्ष हैं। प्रो. जया कपूर ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से परास्नातक और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने वर्ष 1999 में आचार्य नरेंद्र देव कॉलेज, कानपुर से बतौर शिक्षक अपने कैरियर की शुरूआत की थी। इसके बाद वर्ष 2010 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अंग्रेजी और आधुनिक यूरोपियन भाषा विभाग में बतौर सहायक आचार्य जुड़ीं। वर्तमान में प्रो. जया कपूर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी के पद पर भी कार्यरत हैं। इसके साथ ही महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक और सरोजनी नायडू महिला छात्रावास के वार्डेन का भी कार्यभार देख रही हैं। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय की लैग्वेज लैब का भी दायित्व संभाल रही हैं। प्रो. कपूर इससे पहले भी विश्वविद्यालय के महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर रही हैं। वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के यूजीसी-एचआरडीसी में बतौर सह निदेशक अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी



