
Bank Holiday: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही देश की सबसे बहुप्रतीक्षित और भव्य फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। इस बीच फिल्म मेकर्स ने दर्शकों को एक खास तोहफा देते हुए फिल्म का नया गाना ‘मंगल रंग’ जारी कर दिया है। टी-सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘वर्ल्ड ऑफ रामायणम्’ पर रिलीज हुए इस गाने ने सामने आते ही दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। गाने में भगवान राम और मां सीता के पवित्र रिश्ते, विवाह की भव्यता और अयोध्या के अलौकिक प्रसंगों को बेहद खूबसूरती से दर्शाया गया है।
संगीत जगत के दिग्गजों की जुगलबंदी
‘मंगल रंग’ गाने को ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान ने अपनी कर्णप्रिय धुनों से सजाया है, जबकि इसके हिंदी बोल प्रसिद्ध कवि और गीतकार डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। वहीं, गाने को अपनी रूमानी और सुरीली आवाज से संवारने का काम बॉलीवुड के दिग्गज गायक अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की जोड़ी ने किया है। इस गाने को पैन-इंडिया स्तर पर हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम—इन पांचों भाषाओं में एक साथ रिलीज किया गया है।
भव्य सेट्स और श्रीराम-सीता की अलौकिक केमिस्ट्री
गाने के विजुअल्स में ऐतिहासिक महलों का वैभव, विवाह उत्सव की रौनक और अयोध्या से जुड़ी स्मृतियों का दिव्य रूप देखने को मिलता है। पर्दे पर भगवान राम के रूप में हाथ में धनुष-बाण और तलवार थामे रणबीर कपूर और मां सीता के रूप में साई पल्लवी की जोड़ी बेहद आकर्षक और प्रभावकारी नजर आ रही है। इस मेगा बजट फिल्म में रणबीर और साई पल्लवी के अलावा रॉकिंग स्टार यश (रावण), सनी देओल (हनुमान) और रवि दुबे (लक्ष्मण) अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
5 नवंबर 2026 को होगी रिलीज
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, 8 बार ऑस्कर विजेता DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस द्वारा निर्मित यह सिनेमाई महाकाव्य दो भागों में प्रदर्शित होगा। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में IMAX फॉर्मेट में रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में बड़े पर्दे पर दस्तक देगा।
written by Siddhi Srivastava



