
Ramayana Movie: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुचर्चित और भव्य फिल्म ‘रामायण’ का इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं। इस बीच मेकर्स ने फिल्म से जुड़ा एक और शानदार तोहफा दर्शकों को दिया है। फिल्म का नया गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज कर दिया गया है, जिसमें भगवान राम और मां सीता के अलौकिक प्रेम और उनके जीवन के खूबसूरत पलों की एक बेहद मनमोहक झलक दिखाई गई है।
मशहूर संगीतकारों और गायकों का संगम
टी-सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनल ‘वर्ल्ड ऑफ रामायणम्’ पर जारी किए गए इस गाने को लीजेंड्री कंपोजर ए. आर. रहमान ने अपनी धुनों से सजाया है। हिंदी वर्जन के दिल को छू लेने वाले बोल प्रख्यात कवि डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। वहीं, इस गाने में अपनी जादुई आवाज से जान डालने का काम बॉलीवुड के दिग्गज गायक अरिजीत सिंह और गायिका श्रेया घोषाल की जोड़ी ने किया है।
इस गाने की भव्यता को पैंड-इंडिया स्तर पर ले जाते हुए मेकर्स ने इसे हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया है, जिसमें अलग-अलग लोकप्रिय कलाकारों और गीतकारों ने अपना योगदान दिया है।
भव्य सेट्स और भव्य स्टारकास्ट की झलक
‘मंगल रंग’ गाने के विजुअल्स में ऐतिहासिक महलों की भव्यता, विवाह के पवित्र पंस्रग और अयोध्या से जुड़ी यादों को बेहद करीने से उकेरा गया है। वीडियो में भगवान राम की भूमिका में धनुष-बाण और तलवार के साथ नजर आ रहे रणबीर कपूर और मां सीता के रूप में साई पल्लवी की केमिस्ट्री बेहद आकर्षक लग रही है।
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज, 8 बार ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले बन रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला हिस्सा 5 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा। फिल्म दुनिया भर में IMAX फॉर्मेट में रिलीज होगी।
written by Siddhi Srivastava



