
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि 23 तारीख को होने वाला इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन का मतदान केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि 2027 के शुभारंभ का चुनाव है। उन्हें पूरा विश्वास है कि भाजपा यह चुनाव जीतने जा रही है। यह ईवीएम से नहीं, बैलेट पेपर से होने वाला चुनाव है। विपक्ष को बताना है कि भाजपा बैलेट के मतदान से भी उसकी राजनीतिक नैया डुबो सकती है। यह पढ़े-लिखे मतदाताओं के विवेक, विश्वास और विकास के मुद्दों पर लड़ा जाने वाला चुनाव है। रविवार को प्रयाग ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, बेदौ, करछना में भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर के समर्थन में आयोजित स्नातक मतदाता प्रबुद्ध सम्मेलन, यमुनापार को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री यह बातें कहीं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि यह वही यमुनापार है, जहां कभी गुंडई के दम पर बूथ कब्जाकर चुनाव जीतने की कोशिश की जाती थी। यमुनापार के कार्यकर्ताओं से बेहतर इस कड़वी हकीकत को कौन जानता है। अब गुंडागर्दी का वह दौर समाप्त हो चुका है। कांग्रेस, सपा और बसपा चुनाव हारने पर ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगती हैं। यदि चुनाव आयोग का दुरुपयोग हुआ होता तो उज्ज्वल रमण सिंह सांसद नहीं होते, बल्कि नीरज त्रिपाठी सांसद होते।
केशव प्रसाद मौर्य ने सपा के पीडीए को फर्जी बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीतिक नैया डुबानी है और उसे बताना है कि उसकी राजनीति का कोई भविष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि 2024 की हार के बाद भाजपा के लिए यह चुनाव जनता का विश्वास और मजबूत करने की शुरुआत है। गुंडे, अपराधी और माफिया भाजपा के कार्यकर्ताओं से मुकाबला नहीं कर सकते। यदि वे लड़ने की कोशिश करेंगे तो मिट्टी में मिल जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और गुंडागर्दी पर अंकुश लगा है। आज प्रदेश में दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे धार्मिक आयोजनों को लेकर लोगों को भयभीत होकर नहीं सोचना पड़ता।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव शिक्षित और जागरूक मतदाताओं का चुनाव है। भाजपा का कार्यकर्ता जनता के सवालों का जवाब देना चाहता है और विकास के मुद्दों पर जनता के बीच जाता है। उन्होंने डॉ. मुरली मनोहर जोशी की हार का उल्लेख करते हुए कहा कि एक चूक के कारण विकास की दिशा प्रभावित हुई और हम काफी पीछे हो गए। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे दूरदर्शी सोच के साथ भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि भाजपा विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित प्रयागराज के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। वर्ष 2047 तक देश में कांग्रेस और उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार नहीं आने वाली है।



