
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव हरिकेश चौरसिया की अध्यक्षता में शनिवार को संगम सभागार में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा 2026 को निर्धारित प्रक्रियानुसार सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्ष, नकलविहीन व शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जाने के दृष्टिगत समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। परीक्षा का आयोजन
पच्चीस अक्टूबर, तीस अक्टूबर और एक नवंबर को दो-दो सत्र में किया जाएगा। प्रथम सत्र सुबह 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 तक एवं द्वितीय सत्र दोपहर 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक चलेगा। जनपद के कुल 48 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 6 पालियों में 113472 अभ्यर्थी पंजीकृत है। आयोग के सचिव ने बताया कि प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा-2026 में प्रदेश के लगभग 35 लाख 50 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत है। परीक्षा प्रदेश के 60 जनपदों के 1372 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 6 पालियों में आयोजित की जायेगी। बैठक में सचिव ने परीक्षा के सकुशल, नकलविहीन व सुचितापूर्ण ढंग से आयोजन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, सह केन्द्र व्यवस्थापक सहित अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी व संवेदनशीलता के साथ परीक्षा को सम्पन्न कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता में किसी भी प्रकार का व्यवधान डालने वालो के विरूद्ध कठोरतम कार्रवाई की जायेगी। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे, जिला विधालय निरीक्षक, पुलिस विभाग सहित सभी सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



