
Pratapgarh News:जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम, प्रभावी नियंत्रण और लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर रविवार को सईं कॉम्प्लेक्स, पुलिस लाइन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन में हुई। इसकी अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय ने की। बैठक में क्षेत्राधिकारीगण सहित संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जनपद में सामने आए साइबर अपराधों से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने लंबित प्रकरणों में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली और मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साइबर अपराध के मामलों में तकनीकी साक्ष्यों के संकलन, गहन जांच और प्रभावी पैरवी पर भी विशेष जोर दिया गया। आमजन के साथ साइबर ठगी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस स्तर से प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए साइबर अपराधों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारीगण एवं संबंधित अधिकारियों ने साइबर अपराध से जुड़े प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत की, जिस पर वरिष्ठ अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Read Also-Mann Ki Baat : सर्जिकल स्ट्राइक के 10 साल पर बोले पीएम मोदी- आतंकियों ने आंख उठाई तो मिलेगा जवाब
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



