Women Safet: दिल्ली से बिहार तक बेटियों पर हमले, तीन राज्यों की घटनाओं ने बढ़ाई सुरक्षा की चिंता

Women Safet: तीन राज्यों से सामने आई घटनाओं ने महिलाओं और नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। पुलिस कार्रवाई जारी है, लेकिन सवाल अब भी बरकरार हैं।

Women Safet: देश के अलग-अलग राज्यों से सामने आए हालिया मामलों ने महिलाओं और नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली, मध्य प्रदेश के ग्वालियर और बिहार के जमुई में हुई घटनाओं के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि, इन मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

दिल्ली में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में कार्रवाई

राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके में 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के दौरान मुठभेड़ भी हुई, जिसमें वह घायल हो गया।

जांच में सामने आया है कि पीड़िता अपने दोस्त के साथ मंदिर दर्शन के बाद पार्क में गई थी। आरोप है कि कुछ युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दोनों को रोका और बाद में वारदात को अंजाम दिया। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

ग्वालियर में छात्रा से मारपीट का वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में कोचिंग जा रही एक स्कूली छात्रा के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में एक युवक छात्रा का रास्ता रोकता और उसके साथ अभद्र व्यवहार करता दिखाई देता है।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।

जमुई में छात्र-छात्रा से बदसलूकी का मामला

बिहार के जमुई जिले से भी एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुछ युवक एक नाबालिग छात्र और छात्रा को रोककर उनके साथ दुर्व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि दोनों के साथ मारपीट और अभद्रता की गई।

पुलिस ने मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बाकी संदिग्धों की तलाश जारी है। घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश देखने को मिला और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।

सुरक्षा को लेकर फिर शुरू हुई बहस

लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा और अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

written by Siddhi Srivastava
Show More

Related Articles

Back to top button