Canada News: कनाडा में दर्दनाक हादसा, फ्लाइट ट्रेनिंग के दौरान दो भारतीय छात्र बने विमान दुर्घटना का शिकार

Canada News: कमर्शियल पायलट लाइसेंस का सपना देख रहे दो भारतीय छात्रों की कनाडा में विमान दुर्घटना में जान चली गई, दूतावास ने जताया दुख।

Canada News:  कनाडा में एक दर्दनाक विमान हादसे में दो भारतीय छात्रों की मौत हो गई। दोनों छात्र कमर्शियल पायलट बनने की तैयारी कर रहे थे और फ्लाइट ट्रेनिंग के लिए उड़ान पर निकले थे। हादसे की जानकारी सामने आने के बाद भारत के महावाणिज्य दूतावास ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

मृतकों की पहचान तमिलनाडु के मनोज शिवकुमार और पुडुचेरी के श्रीसरण तिरुग्नानसंबंथम के रूप में हुई है। दोनों कनाडा में एविएशन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। वैंकूवर स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर हादसे पर शोक जताया और परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

ट्रेनिंग उड़ान के दौरान हुआ हादसा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सस्केचेवान प्रांत के किसबी क्षेत्र के पास एक छोटा प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान हर्वस एयर से जुड़ा था, जो एक फ्लाइट स्कूल भी संचालित करती है। दुर्घटना में विमान में सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया है कि दोनों प्रशिक्षु पायलट अपने कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) के लिए आवश्यक उड़ान घंटे पूरे कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने विमान किराए पर लिया था और निर्धारित मार्ग पर नाइट फ्लाइट कर रहे थे। इसी दौरान विमान दुर्घटना का शिकार हो गया।

दूतावास ने मदद का भरोसा दिया

भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने कहा कि इस कठिन समय में वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। दूतावास ने यह भी बताया कि शवों को भारत भेजने और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

हादसे की जांच शुरू

स्थानीय अधिकारियों और विमानन एजेंसियों ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विमान तकनीकी खराबी, मौसम या किसी अन्य वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

कमर्शियल पायलट बनने का सपना अधूरा

दोनों भारतीय छात्र एविएशन क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए कनाडा गए थे। कमर्शियल पायलट बनने का उनका सपना इस दर्दनाक हादसे के साथ अधूरा रह गया। घटना की खबर मिलने के बाद भारत और कनाडा में रहने वाले भारतीय समुदाय में शोक की लहर है।

written by Siddhi Srivastava

Show More

Related Articles

Back to top button