
INDW vs BANW: महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट कटा लिया है। रविवार को खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया। अब टीम इंडिया की नजर स्वर्ण पदक पर है। फाइनल में भारत का सामना 22 सितंबर को श्रीलंका से होगा।
यह मुकाबला निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट खोकर 195 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की पूरी टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई।
शेफाली वर्मा का तूफानी शतक
भारत की जीत की सबसे बड़ी कहानी शेफाली वर्मा की शानदार बल्लेबाजी रही। उन्होंने सिर्फ 49 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए। अपनी पारी में शेफाली ने तीन चौके और नौ छक्के लगाए। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने अपना शतक पूरा किया।
यह शेफाली का व्हाइट-बॉल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला शतक रहा। इस पारी के साथ वह एशियन गेम्स में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज भी बनीं। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मंधाना और हरमनप्रीत ने भी संभाला मोर्चा
शेफाली के अलावा स्मृति मंधाना ने भी तेज पारी खेली। उन्होंने 19 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल रहे। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों में 40 रन की उपयोगी पारी खेली।
भारत को शुरुआती और मध्य ओवरों में लगातार विकेट गंवाने पड़े, लेकिन शेफाली की पारी ने स्कोर को मजबूत बनाए रखा। ऋचा घोष दो रन बनाकर आउट हुईं, जबकि भारती फुलमाली नौ रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारतीय गेंदबाजों ने बांग्लादेश को समेटा
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। टीम ने शुरुआती ओवरों में ही विकेट गंवा दिए और लगातार दबाव में रही।
दिलारा अख्तर बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। उन्होंने 23 गेंदों में 27 रन बनाए। उनके अलावा किसी भी बल्लेबाज ने 20 रन का आंकड़ा नहीं छुआ।
भारत की ओर से नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए। श्रीचरणी को दो सफलता मिली, जबकि क्रांति गौड़ और श्रेयांका पाटिल ने एक-एक विकेट हासिल किया।
Food Preservation: आलू काटकर रखने के बाद पड़ने लगते हैं काले धब्बे? ये आसान उपाय आएंगे काम
अब श्रीलंका से स्वर्ण पदक की जंग
भारत के फाइनल में पहुंचने के बाद अब स्वर्ण पदक का मुकाबला तय हो गया है। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई है।
भारत और श्रीलंका की महिला टीमें हाल ही में एशिया कप के फाइनल में भी आमने-सामने आई थीं। अब एशियन गेम्स के फाइनल में दोनों टीमें एक बार फिर भिड़ेंगी। मुकाबला 22 सितंबर को खेला जाएगा।
भारत ने 2023 के हांगझोउ एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट का स्वर्ण पदक जीता था। अब टीम की कोशिश एशियन गेम्स 2026 में भी खिताब बरकरार रखने की होगी।



