
Bharti Singh: कॉमेडी की दुनिया की पॉपुलर जोड़ी भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया एक बार फिर अपने नए रियलिटी शो ‘इंडियन गेम शो’ में दर्शकों का मनोरंजन करती नजर आ रही है। शो का एक नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें भारती और हर्ष के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिल रही है। हालांकि, इस दौरान भारती अपने वजन को लेकर किए गए मजाक पर पति हर्ष से नाराज भी हो जाती हैं।
कंटेस्टेंट्स से पूछा गया भारती का वजन
प्रोमो की शुरुआत में हर्ष शो के कंटेस्टेंट्स को एक मजेदार टास्क देते हैं। उन्हें भारती का सही वजन बताने के लिए कहा जाता है। इस दौरान अलग-अलग कंटेस्टेंट्स 86, 88 और 91 किलो जैसे अनुमान लगाते हैं।
इसी बीच प्रिंस नरूला मजाक करते हुए कहते हैं कि जिसने भारती का वजन 91 किलो बताया है, उसे भारती मुक्का मारकर गिरा सकती हैं। इस पर भारती भी मजेदार अंदाज में जवाब देती हैं और कहती हैं कि अब उन्हें समझ आ गया है कि खूबसूरत लड़कियों में अक्ल कम होती है।
अभिषेक ने भी किया भारती के वजन पर मजाक
इसके बाद भारती अभिषेक की तरफ इशारा करते हुए कहती हैं कि शायद उन्होंने ही ऐसा जवाब दिया होगा। अभिषेक तुरंत सफाई देते हुए कहते हैं कि उन्होंने कमर का साइज बताया होगा, वजन नहीं।
इसके बाद वह भारती से मजाक करते हुए कहते हैं कि उन्हें आराम से खड़ा होना चाहिए, वरना वेट मशीन की सांसें रुक जाएंगी। उनकी इस बात पर सेट पर मौजूद हर्ष समेत बाकी लोग भी हंसने लगते हैं।
पति हर्ष पर क्यों भड़क गईं भारती?
इसके बाद भारती अपने पति हर्ष से ही उनका वजन पूछ लेती हैं। हर्ष कुछ सोचने के बाद कहते हैं कि उनके हिसाब से भारती का वजन करीब 60 से 70 किलो होगा।
हर्ष का जवाब सुनकर भारती नाराज हो जाती हैं। वह कहती हैं कि उन्होंने एक दिन पहले ही हर्ष के सामने अपना वजन नापा था। ऐसे में उन्हें यह पता न होना इस बात का संकेत है कि हर्ष का उन पर ध्यान ही नहीं है।
इसके बाद भारती मजाकिया अंदाज में हर्ष से कहती हैं कि उनका मकसद सिर्फ उनसे बच्चे पैदा करवाना था। वह आगे कहती हैं, ‘हर जगह मैं ही पीसूं। खाना बनाऊं, बच्चे पैदा करूं और फिर तुझे मेरा वेट नहीं पता।’
हर्ष ने वेट मशीन को लेकर भी कर दिया मजेदार कमेंट
भारती अभी अपनी नाराजगी जाहिर कर ही रही होती हैं कि हर्ष माहौल को फिर मजाकिया बनाने की कोशिश करते हैं। वह कहते हैं कि अब वह ऐतिहासिक पल आने वाला है, जब भारती वेट मशीन पर खड़ी होंगी और मशीन की चीख निकल जाएगी।
हर्ष की इस बात पर भारती भी पीछे नहीं रहतीं। वह पलटकर कहती हैं कि जब इतने सालों से हर्ष बचते आ रहे हैं, तो वेट मशीन भी बच ही जाएगी।
दोनों की इस मजेदार नोकझोंक का प्रोमो दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।
24 अगस्त से शुरू हुआ ‘इंडियन गेम शो’
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया का ‘इंडियन गेम शो विद भारती एंड हर्ष’ 24 अगस्त से सोनी टीवी और सोनी लिव पर प्रसारित हो रहा है। शो को सोमवार से शुक्रवार रात 8 बजे टेलीकास्ट किया जा रहा है।
इस रियलिटी शो में टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सेलिब्रिटीज मजेदार गेम्स में हिस्सा लेते हैं। भारती और हर्ष की कॉमेडी और कंटेस्टेंट्स के साथ उनकी मस्ती शो को एंटरटेनिंग बनाने की कोशिश करती है।



