
Unnao News-उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा, औरास की 12 छात्राओं की बालिका फुटबॉल टीम ने परिषदीय विद्यालयों के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। एसजीएफआई में पहली बार किसी परिषदीय विद्यालय की बालिका टीम ने अपनी जीत के दम पर मंडल स्तर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक का सफर तय किया है। टीम ने लखनऊ मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए बलिया में आयोजित राज्य स्तरीय मुकाबलों में प्रतिभाग किया। रामपुर गढ़ौवा ने लखनऊ मंडल की प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडल चैंपियन का खिताब जीता था। इसके बाद टीम को बलिया में एसजीएफआई के राज्य स्तरीय मुकाबलों में खेलने का अवसर मिला। प्रारंभ में विद्यालय की नौ छात्राओं का चयन हुआ था, लेकिन अन्य विद्यालयों से पर्याप्त खिलाड़ी उपलब्ध नहीं होने पर रामपुर गढ़ौवा की पूरी 12 सदस्यीय टीम को मैदान में उतारा गया।
बलिया में टीम ने अब तक तीन मुकाबले खेले हैं। अयोध्या मंडल के खिलाफ मुकाबला 2-2 से बराबरी पर रहा। मेरठ मंडल के खिलाफ लखनऊ मंडल को 0-3 और प्रयागराज मंडल के खिलाफ 0-2 से हार मिली। प्रतियोगिता के अन्य मुकाबले अभी शेष हैं और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर आगे के स्तर के लिए चयन होगा।
टीम में परी, अंशिका, ज्योतिका, अंजलि, माही, काजल और समरीन सहित 12 छात्राएं शामिल हैं। ज्योतिका, समरीन और अंशिका का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।
इस उपलब्धि से बेसिक शिक्षा विभाग की बालिकाओं के लिए एसजीएफआई जैसे बड़े मंच के द्वार खुले हैं। इससे पहले रामपुर गढ़ौवा की छात्र और छात्राएं बेसिक शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चैंपियन भी रह चुके हैं।
टीम की तैयारियों में जिला व्यायाम शिक्षक पुरुषोत्तम यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम की कोच प्राथमिक विद्यालय बघोड़ा की शिक्षिका ज्योति देवी, सह कोच प्रदीप वर्मा और टीम मैनेजर रईसुल इस्लाम गौर हैं। खेल किट की व्यवस्था में असोहा के शिक्षक अनुराग सिंह का आर्थिक सहयोग रहा।
छात्राओं की उपलब्धि पर बीएसए उन्नाव शैलेश पांडे ने शुभकामनाएं दीं। ब्लॉक के बीईओ दीपेश कुमार, माध्यमिक खेल सचिव नवीन सिन्हा, जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सबरवाल, जिला खेल शिक्षिका अनीता वर्मा सहित जनपद के शिक्षकों ने भी हर्ष जताया।
शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि छात्राओं के लिए बड़े मैदान पर एसजीएफआई स्तर का यह पहला अनुभव है। सामने आई कमियों को दूर करने के लिए बीएसए से विद्यालय में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर की अनुमति मांगी जाएगी। अगले सत्र से नियमित अभ्यास के साथ साप्ताहिक अभ्यास मैच कराने की भी योजना है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में टीम के मुकाबले अभी जारी हैं। आगामी मैचों के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों के अगले स्तर के लिए चयन होगा। टीम मैनेजर के साथ विद्या सागर मिश्र और इंद्रपाल भी मैदान पर उपस्थित रहे।
Read Also-Business News: 10 से आइसक्रीम बेचेगी रिलायंस कंज्यूमर, लॉन्च किया ‘बॉम्बे क्रीमरी’



