
New Delhi News-विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा ने पलाऊ में आयोजित 55वें पैसिफिक आइलैंड्स फोरम (PIF) लीडर्स मीटिंग के ‘डायलॉग पार्टनर सेशन’ में भारत का प्रतिनिधित्व किया। बैठक के दौरान भारत ने प्रशांत क्षेत्र के देशों के विकास, सुरक्षा और समावेशी प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मार्गेरिटा ने स्वतंत्र, खुले, शांतिपूर्ण, समावेशी और समृद्ध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए भारत का दृष्टिकोण भी सामने रखा।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, राज्य मंत्री ने कहा कि भारत ‘ब्लू पैसिफिक कॉन्टिनेंट’ के साथ अपनी साझेदारी को विशेष महत्व देता है। भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ के तहत प्रशांत द्वीप देशों के साथ संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत प्रशांत क्षेत्र को किसी दूरस्थ इलाके के रूप में नहीं, बल्कि साझा इंडो-पैसिफिक का अभिन्न हिस्सा मानता है।
प्रशांत द्वीप देशों की आवाज को बताया महत्वपूर्ण
मार्गेरिटा ने कहा कि व्यापक ग्लोबल साउथ में प्रशांत क्षेत्र की आवाज बेहद महत्वपूर्ण है। भारत अपने प्रशांत साझेदारों के साथ मिलकर काम करता रहेगा, ताकि वैश्विक निर्णय लेने की प्रक्रिया में इन देशों की प्राथमिकताओं और चिंताओं को उचित स्थान मिल सके।
उन्होंने भारतीय दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की सोच हमेशा पूरी दुनिया को एक परिवार के रूप में देखने की रही है। सहयोग और साझा उद्देश्य की यही भावना पैसिफिक आइलैंड्स फोरम की थीम ‘बिल्डिंग इकोनॉमीज: लाइफ. एक्शन. यूनिटी’ में भी दिखाई देती है।
पलाऊ को भारत में बनी 20 मोटरसाइकिलें सौंपीं
पलाऊ यात्रा के दौरान विदेश राज्य मंत्री ने न्याय मंत्री जेनिफर एस. ओलेगेरिल को पुलिस के इस्तेमाल के लिए भारत में निर्मित 20 कस्टमाइज्ड मोटरसाइकिलें सौंपीं। मार्गेरिटा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इसे भारत और पलाऊ के बीच दोस्ती तथा विकास साझेदारी का महत्वपूर्ण संकेत बताया।
तीन देशों के दौरे पर हैं मार्गेरिटा
पबित्रा मार्गेरिटा 26 अगस्त से 2 सितंबर तक वियतनाम, लाओस और पलाऊ के आधिकारिक दौरे पर हैं। पलाऊ उनकी यात्रा का अंतिम पड़ाव है। इस दौरान वह देश के शीर्ष नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे।
विदेश राज्य मंत्री के इस दौरे को भारत और पलाऊ के साथ-साथ व्यापक प्रशांत द्वीप क्षेत्र के देशों के साथ भारत की लंबे समय से चली आ रही साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी



