Prayagraj News : आर्य समाज चौक की 150वीं जयंती पर प्रयागराज में भव्य आयोजन, वेद प्रचार सप्ताह के तहत हुआ हवन-यज्ञ

Prayagraj News : प्रयागराज में आर्य समाज चौक की 150वीं जयंती एवं वेद प्रचार सप्ताह के अवसर पर भव्य हवन-यज्ञ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों और आर्य समाज पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Prayagraj News : महर्षि दयानंद सरस्वती द्वारा स्थापित आर्य समाज चौक की 150वीं जयंती एवं वेद प्रचार सप्ताह के अवसर पर प्रयागराज में भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। आर्य कन्या इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक विधि-विधान से हवन-पूजन एवं यज्ञ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आर्य समाज के पदाधिकारियों, शिक्षाविदों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान आर्य समाज के सिद्धांतों, वैदिक संस्कृति और समाज सुधार के क्षेत्र में आर्य समाज के योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यालय से पधारे पंडित अशोक कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने उपस्थित लोगों को वैदिक मंत्रों के महत्व और उनके सामाजिक एवं आध्यात्मिक संदेश से अवगत कराया।

आर्य समाज चौक की 150वीं जयंती के अवसर पर आर्य प्रतिनिधि सभा, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के महामंत्री पंकज जायसवाल ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने महर्षि दयानंद सरस्वती के शिक्षा संबंधी विचारों और आर्य समाज द्वारा स्थापित शिक्षा व्यवस्था की भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि वैदिक शिक्षा, संस्कारयुक्त चरित्र निर्माण और महिला शिक्षा के क्षेत्र में महर्षि दयानंद सरस्वती के प्रयासों का व्यापक प्रभाव पड़ा है। आर्य समाज द्वारा स्थापित शिक्षण संस्थाएं आज भी शिक्षा और संस्कार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए निरंतर प्रगति कर रही हैं।

विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

कार्यक्रम में प्रोफेसर इमा सिरोठिया, डॉ. रंजना त्रिपाठी और डॉ. अर्चना त्रिपाठी के निर्देशन में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने प्रेरणादायी और मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

विशेष रूप से हवन पर आधारित गीत की प्रस्तुति को खूब सराहना मिली। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों ने वैदिक संस्कृति, संस्कार और भारतीय परंपराओं का संदेश प्रस्तुत किया।

आर्य कन्या डिग्री कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज और आर्य कन्या इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता से सभागार का वातावरण वैदिक संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना से ओत-प्रोत हो गया।

डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया संचालन

कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया। वहीं, धन्यवाद ज्ञापन आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की प्राचार्या प्रोफेसर अर्चना पाठक ने किया।

इस अवसर पर आर्य समाज चौक के प्रधान रविंद्र जी, मंत्री प्रताप नारायण मिश्रा सहित आर्य समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की प्रोफेसर इभा सिरोठिया, प्रोफेसर नीलांजना जैन, प्रोफेसर अंजू श्रीवास्तव, डॉ. अमित पाण्डेय, डॉ. सव्यासांची एवं डॉ. श्यामकांत सहित आर्य कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती नीना प्रजापति, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

आर्य समाज चौक की 150वीं जयंती एवं वेद प्रचार सप्ताह के तहत आयोजित यह कार्यक्रम महर्षि दयानंद सरस्वती के वैदिक विचारों, शिक्षा, संस्कार और समाज सुधार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाला प्रेरणादायी आयोजन रहा।

Show More

Related Articles

Back to top button