Pratapgarh News: डीएम ने विद्यालयों और बृहद संरक्षण गौशाला का किया निरीक्षण

Pratapgarh News: District Magistrate inspects schools and large-scale cattle shelter.

Pratapgarh News:जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने नरायनपुर स्थित पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय और जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं और समस्याओं के बारे में जानकारी ली।

जवाहर नवोदय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने कक्षाओं के साथ खेल मैदान और पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। छात्रों द्वारा बताई गई समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

इसके बाद जिलाधिकारी ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय नरायनपुर का निरीक्षण किया। यह विद्यालय पूर्व में राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय के नाम से जाना जाता था। डीएम ने कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं से बातचीत की और उन्हें मिल रही शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

विद्यालयों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने नरायनपुर लक्ष्मणपुर स्थित बृहद संरक्षण गौशाला का निरीक्षण किया। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। डीएम ने साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने, पशुओं के समुचित रख-रखाव तथा जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने के भी निर्देश दिए।

Read Also-Pratapgarh News: बेल्हा में वरिष्ठ महिलाओं को मिली बड़ी सौगात, अब रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता,

Show More

Related Articles

Back to top button