नितिन नबीन की नई टीम का आज महामंथन, BJP मुख्यालय में होंगी 3 अहम बैठकें; जानें पूरा एजेंडा

नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद पहली बार एक साथ जुटेंगे BJP के पदाधिकारी, ‘मोदी @25’ कार्यक्रम और संगठन की आगामी रणनीति पर होगा मंथन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम के गठन के बाद आज संगठन के स्तर पर बड़ा मंथन होने जा रहा है। दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में शनिवार को दिनभर तीन अहम बैठकें होंगी। इन बैठकों में नई टीम के पदाधिकारियों के परिचय से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर होने वाले कार्यक्रमों और संगठन की आगामी रणनीति तक कई मुद्दों पर चर्चा होगी।

17 अगस्त को बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया गया था। अब नई टीम के पदाधिकारी पहली बार एक साथ बैठक में शामिल होंगे। इसे नितिन नबीन के नेतृत्व में संगठन के नए दौर की औपचारिक शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है।

पहली बैठक में नई टीम के सदस्यों का परिचय

शनिवार को पहली बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रस्तावित है। इसमें बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम के सदस्यों का परिचय कराया जाएगा। पार्टी की ओर से घोषित 65 सदस्यीय टीम में बड़ी संख्या में नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में नितिन नबीन नए पदाधिकारियों से परिचय करेंगे और उन्हें पार्टी संगठन में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही संगठन की प्राथमिकताओं और पार्टी की अपेक्षाओं को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है।

नई टीम के गठन के बाद बीजेपी मुख्यालय के आसपास पार्टी के नए पदाधिकारियों के स्वागत में पोस्टर भी लगाए गए हैं। ऐसे में पहली बैठक को संगठनात्मक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

दूसरी बैठक में ‘मोदी @25’ पर मंथन

दिन की दूसरी महत्वपूर्ण बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने से जुड़े कार्यक्रमों को लेकर होगी। इसमें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री, प्रभारी और सह-प्रभारी शामिल होंगे।

बैठक में देशभर में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, उनकी जिम्मेदारियां और संगठनात्मक स्तर पर तैयारियों को लेकर चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन में काम किया। बीजेपी इसी अवसर को लेकर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है।

शाम 6 बजे होगी तीसरी बैठक

दिन की तीसरी अहम बैठक शाम 6 बजे आयोजित की जाएगी। इसमें नितिन नबीन के साथ बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारी और सभी प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे।

इस बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और आने वाले चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और राज्यों में गतिविधियों को तेज करने की रणनीति पर भी मंथन हो सकता है।

सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री अमित शाह भी इस बैठक को संबोधित कर सकते हैं। ऐसे में शाम की बैठक को पार्टी की आगे की रणनीति के लिहाज से खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

India China Relations : चीन भारत का मुख्य प्रतिस्पर्धी, पाकिस्तान बना रहेगा सुरक्षा चुनौती: पूर्व सेना प्रमुख एमएम नरवणे

नई टीम के सामने बड़ी जिम्मेदारी

नितिन नबीन की नई टीम ऐसे समय में काम शुरू कर रही है जब बीजेपी के सामने कई राज्यों में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देने की चुनौती है। नई टीम में अनुभव और नए चेहरों का संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।

अब इन तीन बैठकों के जरिए पार्टी नेतृत्व नई टीम को प्राथमिकताएं समझाने के साथ-साथ आने वाले महीनों के लिए संगठनात्मक रोडमैप तैयार करेगा। पहली बैठक में जहां टीम के भीतर समन्वय पर जोर रहेगा, वहीं दूसरी और तीसरी बैठक में पार्टी के बड़े राष्ट्रीय कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति पर फोकस रहने की उम्मीद है।

Show More

Related Articles

Back to top button