
Chandauli News-चंदौली के पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए उनके न्यायोचित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का भरोसा दिलाया।
शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
जनसुनवाई के दौरान एसपी आकाश पटेल ने आवेदकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से वार्ता कर शिकायतों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर उन्हें न्याय दिलाना चंदौली पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फरियादियों से विनम्र व्यवहार के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों, आवेदकों और फरियादियों के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनकर उसके गुण-दोष के आधार पर विधिक कार्रवाई की जानी चाहिए।
38 प्रार्थना पत्र हुए प्राप्त
गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक को कुल 38 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सभी आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और फरियादियों को समयबद्ध तरीके से राहत उपलब्ध कराई जाए।



