Independence Day 2026: राष्ट्रपति मुर्मू ने 78 वीरता पुरस्कारों को दी मंजूरी, 13 जवानों को मरणोपरांत सम्मान

Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस 2026 से पहले देश की रक्षा और सुरक्षा में असाधारण साहस दिखाने वाले जवानों को बड़ा सम्मान मिला है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कर्मियों के लिए 78 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है। इनमें 13 पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा राष्ट्रपति ने 89 मेंशन-इन-डिस्पैचेस को भी मंजूरी दी है।

78 वीरता पुरस्कारों में कौन-कौन से सम्मान शामिल?

राष्ट्रपति की मंजूरी वाले 78 वीरता पुरस्कारों में 9 कीर्ति चक्र, 1 बार टू शौर्य चक्र, 19 शौर्य चक्र, 5 बार टू सेना मेडल (वीरता), 36 सेना मेडल (वीरता), 3 नौ सेना मेडल (वीरता) और 5 वायु सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं।

इन पुरस्कारों में 13 सम्मान मरणोपरांत दिए जाएंगे। इनमें 7 कीर्ति चक्र और 1 शौर्य चक्र के साथ सेना मेडल (वीरता) की श्रेणी के सम्मान भी शामिल हैं।

9 जवानों को कीर्ति चक्र

इस वर्ष 9 जवानों और सुरक्षाकर्मियों को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। इनमें सात को यह सम्मान मरणोपरांत दिया गया है।

कीर्ति चक्र पाने वालों में लेफ्टिनेंट कर्नल मानेओ फ्रांसिस पीएफ, मेजर जितेंद्र राठी और हवलदार गजेंद्र सिंह शामिल हैं। गृह मंत्रालय से जुड़े हेड कांस्टेबल जगबीर सिंह, एसजी कांस्टेबल जसवंत सिंह, बलविंदर सिंह, तारिक हुसैन, हेड कांस्टेबल बशीर अहमद और इंस्पेक्टर एसटीएफ सुनील कुमार को भी कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है। इनमें संबंधित शहीदों को मरणोपरांत सम्मान दिया गया है।

19 को शौर्य चक्र

19 जवानों और अधिकारियों को शौर्य चक्र प्रदान किया जाएगा। इनमें लांस नायक नरेंद्र सिंधु को मरणोपरांत सम्मान दिया गया है।

सम्मान पाने वालों में सेना के साथ नौसेना, वायुसेना और गृह मंत्रालय से जुड़े अधिकारी एवं जवान भी शामिल हैं। इनमें मेजर परमवीर, मेजर तरुण वासुदेवन, मेजर केशव कुमार, मेजर गौरव सिंह बृजवाल, मेजर वीपीन कुमार, नायब सूबेदार शंकर राम, नायब सूबेदार डब्बल सिंह बिष्ट और हवलदार जगत्तर सिंह समेत कई सैन्यकर्मी शामिल हैं।

सेना, नौसेना और वायुसेना के जवान भी सम्मानित

वीरता पुरस्कारों में 36 सेना मेडल (वीरता) और 5 बार टू सेना मेडल (वीरता) शामिल हैं। इसके अलावा नौसेना के तीन कर्मियों को नौ सेना मेडल (वीरता) और वायुसेना के पांच कर्मियों को वायु सेना मेडल (वीरता) दिया जाएगा।

नौ सेना मेडल पाने वालों में कमांडर विनीत शर्मा, कमांडर युवराज कुमार और एसी अविनाश अन्नासो शामिल हैं। वहीं वायु सेना के सम्मानित कर्मियों में ग्रुप कैप्टन राहुल जगोटा, ग्रुप कैप्टन राहुल रावत, विंग कमांडर आशीष राजपूत, फ्लाइट लेफ्टिनेंट यश और मास्टर वारंट ऑफिसर रविंदरजीत सिंह शामिल हैं।

89 मेंशन-इन-डिस्पैचेस को भी मंजूरी

78 वीरता पुरस्कारों के अलावा राष्ट्रपति ने 89 मेंशन-इन-डिस्पैचेस को भी मंजूरी दी है। इनमें भारतीय सेना के 75, नौसेना के 4 और वायुसेना के 10 कर्मी शामिल हैं।

इन सम्मानित कर्मियों ने ऑपरेशन रक्षक, ऑपरेशन हिफाजत, ऑपरेशन ऑर्किड, ऑपरेशन मेघदूत, ऑपरेशन स्नो लेपर्ड, ऑपरेशन चक्रव्यूह, ऑपरेशन तलाश, ऑपरेशन खोज और ऑपरेशन सिक्योर शील्ड-XLII समेत विभिन्न अभियानों में योगदान दिया।

स्वतंत्रता दिवस से पहले वीर जवानों को सम्मान

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित ये सम्मान देश की रक्षा और सुरक्षा में असाधारण साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन करने वाले जवानों को समर्पित हैं। 78 वीरता पुरस्कार और 89 मेंशन-इन-डिस्पैचेस देश के लिए सेवा और बलिदान देने वाले सैन्य एवं सुरक्षा कर्मियों के योगदान को रेखांकित करते हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button