
Bollywood News:भारतीय मनोरंजन जगत में माइक्रोड्रामा और रियलिटी शो का नया प्रयोग देखने को मिल रहा है। कुकू टीवी ने भारत का पहला एक्टिंग रियलिटी माइक्रोड्रामा ‘सबसे बड़ा ड्रामेबाज’ लॉन्च किया है। करीब 50 एपिसोड वाले इस शो में लगभग दो मिनट के वर्टिकल एपिसोड के जरिए एक्टिंग प्रतियोगिता और माइक्रोड्रामा को एक साथ पेश किया गया है।
शो के लिए देशभर से 2,000 से अधिक डिजिटल ऑडिशन प्राप्त हुए। इन ऑडिशन को बड़ी संख्या में दर्शकों ने देखा और प्रतिभागियों को लाखों वोट भी मिले। इसके बाद चुने गए टॉप-12 प्रतियोगियों ने मुंबई में आयोजित चार ऑफलाइन राउंड में लाइव दर्शकों और जजों के सामने अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
राकेश बेदी, जन्नत जुबैर और प्रिंस नरूला बने जज
शो में दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी के साथ जन्नत जुबैर और प्रिंस नरूला जज की भूमिका निभा रहे हैं। जन्नत और प्रिंस प्रतियोगियों को जज करने के साथ शो में खुद भी परफॉर्म करते नजर आएंगे।
‘सबसे बड़ा ड्रामेबाज’ में रोमांस, एक्शन, कॉमेडी, सस्पेंस और ड्रामा जैसे अलग-अलग जॉनर को एक्टिंग रियलिटी प्रतियोगिता के साथ जोड़ा गया है। वर्टिकल फॉर्मेट में तैयार किया गया यह शो डिजिटल दर्शकों को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है।
15 अगस्त को होगा ग्रैंड फिनाले
शो का ग्रैंड फिनाले 15 अगस्त को प्रीमियर किया जाएगा। प्रतियोगिता के अंत में एक पुरुष और एक महिला विजेता का चयन होगा। दोनों विजेताओं को पांच-पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके साथ ही उन्हें कुकू टीवी के आगामी माइक्रोड्रामा में मुख्य भूमिका निभाने का अवसर भी मिलेगा।
कुकू टीवी के हेड सचिन सिंह के मुताबिक, यह पहल कंटेंट इनोवेशन के साथ नए और प्रतिभाशाली कलाकारों को अपनी पहचान बनाने का मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



