UP News-फूलपुर के हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत, गांव पहुंचा शव तो पसरा मातम

UP News: Phulpur Head Constable dies in road accident; mourning grips village upon arrival of body.

UP News-फूलपुर थाना क्षेत्र के सराय शेकपीर उर्फ सलमापुर दीवानगंज गांव निवासी हेड कांस्टेबल रामप्रवेश (45) की फतेहपुर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। रविवार को उनका शव गांव पहुंचते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार पुलिस सम्मान के साथ किया गया।

जानकारी के अनुसार, रामप्रवेश फतेहपुर जनपद के धाता थाने में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। शनिवार सुबह वह मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक डंपर से उनकी टक्कर हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। सूचना मिलने पर परिजन भी फतेहपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद देर रात सरकारी वाहन से शव उनके पैतृक गांव सराय शेकपीर उर्फ सलमापुर दीवानगंज लाया गया, जहां परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।

मृतक अपने पीछे पत्नी अनारा देवी, पुत्री शिल्पा, शिवानी, शालिनी तथा 10 वर्षीय पुत्र अरनव को छोड़ गए हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार सुबह छतनाग घाट पर पुलिस बल की मौजूदगी में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) देकर अंतिम विदाई दी गई।

सरल स्वभाव के कारण सभी के प्रिय थे रामप्रवेश

ग्रामीणों के अनुसार, रामप्रवेश अपने मिलनसार और सरल स्वभाव के लिए पूरे क्षेत्र में सम्मानित थे। पुलिस विभाग में रहते हुए भी उनका व्यवहार बेहद सहज और सहयोगपूर्ण था। गांव के लोगों का कहना है कि वह हर किसी की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते थे। उनके असमय निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने बताया कि बड़ी बेटी की शादी हो चुकी थी, जबकि परिवार की अन्य जिम्मेदारियां अभी बाकी थीं। ऐसे में उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Read Also-Paper Leak : परीक्षा सुधारों को लेकर पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, नंदन नीलेकणि की अगुवाई में बनेगी टास्क फोर्स

Show More

Related Articles

Back to top button