
Pratapgarh BJP Booth Conference: भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को प्रतापगढ़ जिले की सभी सात विधानसभा सीटों—कुंडा, बाबागंज, लालगंज, विश्वनाथगंज, सदर, पट्टी और रानीगंज—में ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलनों में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विश्वनाथगंज में सांसद विनोद सोनकर ने भरा जोश
विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के बढ़नी स्थित कृष्णा मैरिज हॉल में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विनोद सोनकर शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और उत्तर प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
सांसद ने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में संभावित विधानसभा प्रत्याशी अभय प्रताप सिंह ‘पप्पन’, पिंटू तिवारी, अशोक मिश्रा, प्रतिनिधि राय साहब सहित कई स्थानीय नेता उपस्थित रहे।
कुंडा सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
कुंडा विधानसभा क्षेत्र के वंदना गेस्ट हाउस में आयोजित बूथ सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष (भदोही) विनय श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही भाजपा की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सिंधुजा मिश्रा ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रहित के विचारों पर आधारित संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
वरिष्ठ भाजपा नेता शिव प्रकाश मिश्र ‘सेनानी’ ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में सरकार के कार्यों ने जनता का विश्वास मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक ताकत हैं।
बाबागंज में भी हुआ सम्मेलन
बाबागंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रयागराज महानगर के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र मिश्र मौजूद रहे। उन्होंने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रत्याशी त्रिभुवन नाथ टंडन, बाबागंज के पूर्व प्रत्याशी पवन गौतम, पट्टी के पूर्व प्रत्याशी मनोज तिवारी, हीरागंज चेयरमैन प्रतिनिधि उदय पांडेय, संतोष तिवारी सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता
जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित सम्मेलनों में जिला महामंत्री राजेश मिश्रा ‘राजन’, आशुतोष जायसवाल ‘डिंपू’, सतीश चौरसिया, डॉ. सुमन साहू, भूपेंद्र पांडेय, रूपा गौतम, सुभाष प्रजापति सहित अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना भाजपा की प्राथमिकता है और प्रत्येक कार्यकर्ता को सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



