
Himachal Rain: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कांगड़ा और किन्नौर जिलों में दो अलग-अलग स्थानों पर बादल फटने की घटनाओं के बाद बाढ़ और भूस्खलन से भारी तबाही मची है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
कांगड़ा जिले की बोह घाटी में बादल फटने से रूलेहड़, बंगार, गढ़गूंन और स्पैड़ा समेत चार गांव सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। अचानक आई बाढ़ और मलबे के कारण 18 मकान मलबे में दब गए, जबकि कई अन्य भवनों और कृषि भूमि को भी नुकसान पहुंचा है।
वहीं किन्नौर जिले में भी बादल फटने के बाद भूस्खलन और मलबा आने से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ। कई इलाकों में यातायात बाधित है और प्रशासन स्थिति सामान्य करने में जुटा हुआ है।
राज्यभर में लगातार बारिश के चलते करीब 150 सड़कें बंद हो गई हैं। कई स्थानों पर बिजली और पेयजल सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें सड़कें खोलने और प्रभावित क्षेत्रों तक राहत पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।



