Noida Fire News: मामूरा की पांच मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, 2 लोगों की मौत; 50 परिवारों को सुरक्षित निकाला गया

फेज-3 थाना क्षेत्र के मामूरा गांव में आग लगने से मची अफरा-तफरी। दमकल विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दर्जनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

Noida Fire News: नोएडा के फेज-3 थाना क्षेत्र स्थित मामूरा गांव में शुक्रवार को एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि इमारत में रहने वाले कई परिवार अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत में रहने वाले करीब 50 परिवारों को रेस्क्यू अभियान के दौरान सुरक्षित निकाला गया।

सीढ़ियों के सहारे बचाई गई लोगों की जान

घटना के दौरान सामने आए वीडियो में देखा गया कि बचाव दल ने दो इमारतों के बीच सीढ़ियां लगाकर लोगों को सुरक्षित दूसरी बिल्डिंग तक पहुंचाया। धुएं और आग के बीच यह रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण रहा। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इलेक्ट्रिक बाइक में स्पार्किंग की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक बाइक में हुई स्पार्किंग को माना जा रहा है। हालांकि पुलिस और फायर विभाग अभी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने इमारत के मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

CM योगी ने लिया तत्काल संज्ञान

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी करने को कहा है।

Noida Fire News: सेक्टर 18 की इमारत में भीषण आग, रस्सी के सहारे बचाई गईं कई जिंदगियां

इलाके में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के बाद पूरे मामूरा इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी इमारतों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से इस तरह की घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और सुरक्षा मानकों में कहीं लापरवाही तो नहीं हुई।

Show More

Related Articles

Back to top button