
Mumbai Coastal Road Tunnel Fire: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोस्टल रोड टनल के भीतर एक चलती कार में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने से पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद कार से लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरी टनल धुएं से भर गई।
घटना दोपहर करीब 12:15 बजे की बताई जा रही है। टनल से गुजर रहे लोगों ने जैसे ही कार में आग देखी, उन्होंने तुरंत अपने वाहनों को रोक दिया। कई चालकों ने एहतियात के तौर पर यू-टर्न लेकर टनल से बाहर निकलना ही बेहतर समझा, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
फायर ब्रिगेड ने समय रहते संभाली स्थिति
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने तेजी से आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर टनल में यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई बाधा न आए।
सभी लोग सुरक्षित, जांच शुरू
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, कार में आग लगने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जानकारी में धमाके जैसी आवाज का जिक्र जरूर सामने आया है, लेकिन यह आवाज किस कारण आई, इसकी पुष्टि अधिकारियों ने नहीं की है।
Mumbai News: मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, ‘दाऊद ने बम रखवाया है’ कॉल से मचा हड़कंप
तकनीकी जांच के बाद खुलेगा रास्ता
घटना के बाद संबंधित एजेंसियों ने टनल और क्षतिग्रस्त वाहन की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही टनल को दोबारा यातायात के लिए खोला जाएगा।
गौरतलब है कि मुंबई कोस्टल रोड शहर की सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में से एक है। यह एक्सप्रेसवे दक्षिण मुंबई को पश्चिमी उपनगरों से जोड़ता है और इसकी समुद्र के नीचे बनी टनल देश की आधुनिक इंजीनियरिंग का अहम उदाहरण मानी जाती है।



