Mumbai News: मुंबई के ताज होटल को बम से उड़ाने की धमकी, ‘दाऊद ने बम रखवाया है’ कॉल से मचा हड़कंप

आधी रात पुलिस कंट्रोल रूम में आए धमकी भरे फोन के बाद तीन घंटे तक चला सघन सर्च ऑपरेशन, होटल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली; कॉल करने वाले की तलाश में जुटी पुलिस।

Mumbai News: देश के सबसे प्रतिष्ठित होटलों में शामिल ताज महल पैलेस होटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद देर रात सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एक अज्ञात व्यक्ति ने नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर दावा किया कि होटल में बम रखा गया है। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, क्राइम ब्रांच और बम निरोधक दस्ता (BDDS) तत्काल मौके पर पहुंच गया और होटल में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।

आधी रात आया धमकी भरा कॉल

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:13 बजे नवी मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि “दाऊद इब्राहिम ने ताज होटल में बम रखवाया है।” सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और होटल परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

तीन घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन

धमकी के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने होटल के हर हिस्से की बारीकी से जांच की। लॉबी, कमरों, पार्किंग, सार्वजनिक क्षेत्रों और आसपास के परिसर की गहन तलाशी ली गई। करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और शुरुआती जांच में कॉल को अफवाह माना गया।

Mumbai News: मुहर्रम जुलूस में जहरीले कैप्सूल बांटने की साजिश नाकाम, मुंबई पुलिस ने पुणे के कारोबारी को किया गिरफ्तार

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कॉल नवी मुंबई के तुर्भे इलाके से किया गया था। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

26/11 हमलों की याद हुई ताजा

ताज महल पैलेस होटल का नाम भारत के इतिहास के सबसे भयावह आतंकी हमलों में शामिल 26/11 मुंबई हमले से जुड़ा रहा है। नवंबर 2008 में आतंकवादियों ने इस होटल को निशाना बनाया था, जहां कई लोगों की जान गई थी। यही वजह है कि इस तरह की किसी भी धमकी को सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से लेती हैं और तत्काल कार्रवाई करती हैं।

हालांकि इस बार जांच में कोई खतरा नहीं मिला, लेकिन घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और फर्जी धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत को सामने ला दिया है।

Show More

Related Articles

Back to top button