Ketan Agarwal Murder Case: मां ने PM मोदी को लिखी भावुक चिट्ठी, कहा- ‘मेरे बेटे को सिर्फ एक केस फाइल न बनने दें’

पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के बाद मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार लगाई, दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की अपील की।

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया है। बेटे की दर्दनाक हत्या के बाद परिवार अब भी गहरे सदमे में है। इस बीच केतन की मां राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक भावुक पत्र लिखकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने अपील की है कि उनके बेटे के मामले को केवल एक और केस फाइल बनकर न रह जाने दिया जाए और दोषियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जाए।

‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि अपने बेटे के लिए न्याय मांगना पड़ेगा’

प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में राखी अग्रवाल ने अपने दर्द को शब्दों में बयां करते हुए लिखा कि उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक दिन उन्हें अपने ही बेटे के लिए न्याय की मांग करते हुए पत्र लिखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हर मां की तरह उन्होंने भी सपना देखा था कि उनका बेटा खुशहाल जीवन जिएगा, शादी करेगा और बुढ़ापे में उनका सहारा बनेगा। लेकिन किस्मत ने उनसे उनका इकलौता बेटा छीन लिया।

उन्होंने लिखा कि बेटे का अंतिम संस्कार करना किसी भी मां के जीवन का सबसे बड़ा दुख होता है और इस दर्द को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।

‘घर का हर कोना केतन की याद दिलाता है’

राखी अग्रवाल ने पत्र में लिखा कि उनके घर का हर कोना आज भी केतन की यादों से भरा हुआ है। उसका कमरा, कपड़े, तस्वीरें और उसकी हंसी अब सिर्फ यादें बनकर रह गई हैं। घर की खामोशी हर पल उन्हें यह एहसास कराती है कि उनका बेटा अब कभी लौटकर नहीं आएगा।

20 दिन बाद दादा का भी हो गया निधन

पत्र में उन्होंने एक और गहरे दुख का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि केतन की मौत के महज 20 दिन बाद उसके दादा देवीचंद्र अग्रवाल का भी निधन हो गया। परिवार का कहना है कि पोते को खोने का सदमा वह सहन नहीं कर सके। इस तरह कुछ ही दिनों में परिवार ने दो पीढ़ियों को खो दिया।

‘मैं सिर्फ न्याय चाहती हूं’

राखी अग्रवाल ने प्रधानमंत्री से भावुक अपील करते हुए लिखा कि वह किसी तरह की सहानुभूति या विशेष रियायत नहीं मांग रही हैं। उनकी सिर्फ एक मांग है—न्याय।

उन्होंने कहा कि न्याय में होने वाली हर देरी उनके परिवार के दर्द को और बढ़ा रही है। केतन अब वापस नहीं आ सकता, लेकिन उसकी हत्या के जिम्मेदार लोगों को कानून के तहत सबसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

पत्र में उन्होंने लिखा, “कृपया यह सुनिश्चित करें कि मेरे बेटे का मामला सिर्फ एक और केस फाइल बनकर न रह जाए। वह सिर्फ किसी केस का नाम नहीं था, वह किसी का बेटा, किसी का पोता और किसी का भाई था। मेरे लिए वह मेरी पूरी दुनिया था।”

बेटे की तस्वीर से लिपटकर रोती दिखीं मां

इस बीच राखी अग्रवाल का एक भावुक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में वह अपने बेटे की तस्वीर को सीने से लगाकर रोती हुई दिखाई देती हैं। वह कहती हैं कि उन्होंने बेटे की शादी की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन उससे पहले ही उनकी दुनिया उजड़ गई। वीडियो में वह बार-बार यही सवाल पूछती नजर आती हैं कि आखिर उनके बेटे की क्या गलती थी।

Ketan Agarwal Case: सिया-चेतन का होगा लाइ डिटेक्टर टेस्ट? पुलिस को अब भी नहीं मिला सबसे अहम जवाब

क्या है पूरा मामला?

पुलिस जांच के अनुसार, 18 जून को केतन अग्रवाल की कथित तौर पर उसकी मंगेतर सिया और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या कर दी। आरोप है कि दोनों केतन को महाराष्ट्र के लोहागढ़ किले पर ले गए और करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया।

बताया जा रहा है कि केतन और सिया की फरवरी में सगाई हुई थी और जल्द ही शादी होने वाली थी। हालांकि, जांच में सामने आया कि सिया इस शादी से खुश नहीं थी। आरोप है कि शादी से इनकार करने के बजाय उसने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

फिलहाल, मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और यरवडा सेंट्रल जेल में बंद हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

परिवार की एक ही मांग

केतन अग्रवाल के परिवार का कहना है कि उन्हें किसी तरह की सहानुभूति नहीं चाहिए, बल्कि केवल निष्पक्ष और त्वरित न्याय चाहिए। परिवार को उम्मीद है कि दोषियों को जल्द कानून के मुताबिक सजा मिलेगी, ताकि केतन को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Show More

Related Articles

Back to top button