
Kunda News: उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत जनपद प्रतापगढ़ के कुंडा में गुरुवार को शिक्षकों एवं कर्मचारियों को कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कार्ड वितरित किए गए। इस योजना का उद्देश्य शिक्षकों और सरकारी कर्मचारियों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि गंभीर बीमारी की स्थिति में उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुंडा वाचस्पति सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी बिहार बंशीधर पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी कुंडा संतोष सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख कुंडा की उपस्थिति में पात्र शिक्षकों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कार्ड प्रदान किए गए।
इसी क्रम में मनोज मिश्र सहित कई शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कार्ड प्राप्त किए। कार्ड मिलने के बाद लाभार्थियों ने इसे सरकार की एक महत्वपूर्ण और जनहितकारी पहल बताया।
इलाज के खर्च की चिंता होगी कम
इस योजना के तहत पात्र कर्मचारियों और उनके परिवारों को सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना और इलाज के दौरान आर्थिक बोझ को कम करना है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी कर्मचारियों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की थी, जिसके बाद प्रदेशभर में पात्र लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए जा रहे हैं।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
शिक्षक संगठनों द्वारा लंबे समय से सरकारी शिक्षकों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा की मांग की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत यह सुविधा उपलब्ध कराई है।
इस अवसर पर उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ, बिहार के अध्यक्ष सुशील शुक्ल, महामंत्री बालजी शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता तथा शशिकांत मिश्र ने मुख्यमंत्री कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कार्ड योजना का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी। उनका कहना था कि गंभीर बीमारी के दौरान अब शिक्षकों को इलाज के खर्च को लेकर पहले जैसी चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि यह योजना भविष्य में हजारों शिक्षकों और उनके परिवारों के लिए राहत का माध्यम बनेगी।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत।



